रजिस्ट्री ऑफिस खड़गपुर के समीप ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी घायल, पत्नी रेफर

खड़गपुर-गंगटा मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला का पैर कुचल गया. गंभीर स्थिति में महिला को प्राथमिक उपचार के बाद मुंगेर रेफर किया गया है, जबकि ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया है.

हवेली खड़गपुर (मुंगेर) से रतन झा की रिपोर्ट. खड़गपुर-गंगटा एनएच 333 मुख्य मार्ग पर रजिस्ट्री ऑफिस के समीप शुक्रवार को एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी. इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि पति को आंशिक चोटें आई हैं. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया.

बाजार आने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, टेटिया बंबर प्रखंड के अराजी तिलकारी निवासी भीम कुमार अपनी पत्नी पूजा कुमारी के साथ बाइक से खड़गपुर बाजार आ रहे थे. जैसे ही वे रजिस्ट्री ऑफिस के समीप पहुंचे, एक ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का पहिया पूजा कुमारी के दाहिने पैर को कुचलते हुए निकल गया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ीं.

प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर में भर्ती कराया गया. वहां तैनात चिकित्सक डॉ. मधुकर नंदी ने पूजा कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया और फिर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर ट्रामा सेंटर (सदर अस्पताल मुंगेर) रेफर कर दिया.

ग्रामीणों ने ट्रक और चालक को पकड़ा

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना के समय बाइक चालक की भी चूक रही थी, हालांकि ट्रक चालक ने मानवता दिखाते हुए घायल महिला के समुचित इलाज का खर्च उठाने और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी मिलने के बाद अग्रतर कार्रवाई में जुट गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >