बच्चों के विवाद में हुई मारपीट में एक व्यक्ति घायल, हायर सेंटर रेफर

मुंगेर के टीकारामपुर में बच्चों के विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक मजदूर को पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घायल की नाजुक हालत को देखते हुए सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया है.

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टीकारामपुर में बच्चों के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस घटना में मुरारी कुमार नाम के एक व्यक्ति को विरोधियों ने पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.

मजदूरी खोजने निकले युवक पर जानलेवा हमला

बताया जाता है कि बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर गुरुवार की रात दो पक्षों में जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई थी. शुक्रवार की सुबह जब मुरारी कुमार मजदूरी की तलाश में अपनी साइकिल से घर से निकला, तो चंडिका स्थान के समीप पहले से घात लगाए बैठे विरोधियों ने उसे रोक लिया. उन लोगों ने लाठी-डंडों से मुरारी पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा.

सदर अस्पताल से किया गया रेफर

परिजनों ने आनन-फानन में घायल मुरारी को मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां मौजूद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया और फिर उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. शुक्रवार की सुबह ही परिजन उसे लेकर उच्च संस्थान के लिए रवाना हो गए.

परिवार का एकमात्र सहारा है मुरारी

परिजनों ने बताया कि मुरारी कुमार पेशे से मजदूर है और मजदूरी कर ही अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करता है. इस घटना के बाद से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है. घटना की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >