मुंगेर, हवेली खड़गपुर. हवेली खड़गपुर प्रखंड के गंगटा स्थित दुर्गा स्थान परिसर में गुरुवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 105.68 लाख लाभुकों के बैंक खातों में अगस्त माह की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की. प्रति लाभुक 1,100 रुपये की दर से कुल 1,233.87 करोड़ रुपये की राशि भेजी गयी. राशि अंतरण के साथ ही वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांगजन समेत विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों को बढ़ी हुई पेंशन का लाभ मिला.
वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से शुरू हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ. इसके बाद राष्ट्रगान हुआ. मुख्यमंत्री एवं कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इस दौरान बड़ी संख्या में पेंशन लाभुक, स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.
अब हर माह 10 तारीख को खाते में पहुंचेगी पेंशन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अब सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि प्रत्येक माह की 10 तारीख को लाभुकों के बैंक खातों में भेजी जायेगी. करीब 1.05 करोड़ लाभुकों को निर्धारित तिथि पर पेंशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी है.
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि उन्हें अपनी मूलभूत जरूरतों के लिए किसी के सामने हाथ नहीं फैलाना पड़े. मुख्यमंत्री ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ दिया जा रहा है.
जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में जाति और धर्म के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता है. पात्रता के बावजूद योजना के लाभ से वंचित लोगों से आवेदन करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सभी पात्र लाभुकों को योजना का लाभ दिया जायेगा.
तीन प्रमुख सड़क और भवन योजनाओं का शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण सड़क एवं भवन योजनाओं का शिलान्यास भी किया. इनमें एनएच-333 पर गंगटा जंगल से कोबरवा मोड़ तक 10 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य शामिल है.
इसके अलावा तारापुर अनुमंडल में पथ निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन के निर्माण तथा लखनपुर पानी टंकी से सरौना, मकवा, मुजफ्फरगंज, हवेली खड़गपुर होते हुए भूमासी पुल तक सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की आधारशिला रखी गयी.
सड़क और आधारभूत संरचना विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के साथ-साथ सड़क और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास पर भी जोर दे रही है. सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और विकास को गति मिलेगी.
कई मंत्री और वरीय अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री सह गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री रामचंद्र प्रसाद, जमुई सांसद अरुण भारती, मुंगेर विधायक कुमार प्रणय, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और वरीय अधिकारी मौजूद थे. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किये गये थे.
इसे भी पढ़ें: सम्राट चौधरी ने मुंगेर से दबाया बटन, सीधे 1.05 करोड़ लोगों के अकाउंट में आए 1100 रुपये, ऐसे चेक करें अपना बैलेंस
