हवेली खड़गपुर (मुंगेर). नगर एवं प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया. नगर क्षेत्र के मुरली मनोहर ठाकुरवाड़ी, साहू ठाकुरवाड़ी, केशरवानी मंदिर तथा प्रखंड क्षेत्र के कठना गांव स्थित ठाकुरवाड़ी मंदिर समेत विभिन्न राधा-कृष्ण मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही. मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना की गई.
शाम से शुरू हुआ भजन-कीर्तन, देर रात तक भक्तिमय रहा माहौल
जन्माष्टमी को लेकर देर शाम से ही मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान और भजन-कीर्तन का दौर शुरू हो गया. स्थानीय कलाकारों और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के भजन एवं गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया. देर रात तक श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए. मंदिर परिसर राधे-राधे, जय श्रीकृष्ण और हरे कृष्ण के जयघोष से गुंजायमान होता रहा.
रात 12 बजते ही मनाया गया भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव
रात के 12 बजते ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां चरम पर पहुंच गईं. घंटे-घड़ियाल और शंख की ध्वनि के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा-अर्चना और आरती की. इस दौरान ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे से मंदिर परिसर गूंज उठा.
विशेष भोग के बाद श्रद्धालुओं में बांटा गया प्रसाद
जन्मोत्सव के बाद भगवान श्रीकृष्ण को विशेष भोग लगाया गया. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. कई मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों से जुड़ी आकर्षक झांकियां भी सजाई गईं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं.
शहर से गांव तक दिखा उत्सवी माहौल
जन्माष्टमी को लेकर हवेली खड़गपुर नगर और प्रखंड क्षेत्र में देर रात तक उत्सवी एवं भक्तिमय माहौल बना रहा. मंदिरों में श्रद्धालुओं की मौजूदगी और भजन-कीर्तन के बीच पूरा क्षेत्र कृष्ण भक्ति में डूबा नजर आया. श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं.
