मुंगेर. भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. जिलाधिकारी निखिल धनराज के निर्देश पर वरीय अधिकारियों की टीम गठित कर सभी प्रखंडों में जनजीवन, स्वास्थ्य, पेयजल, जनगणना 2027, पांडुलिपी डिजिटाइजेशन और एलपीजी आपूर्ति की स्थिति की व्यापक समीक्षा की गयी. अपर समाहर्ता मनोज कुमार, अपर समाहर्ता आपदा संजय कुमार सिन्हा सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी और अन्य वरीय अधिकारियों ने प्रखंडवार बैठक कर संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. जनगणना कार्य को लेकर सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को सक्रियता एवं सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है. भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए कार्य का समय सुबह 6 बजे से 10 बजे और शाम 3:30 बजे से 6 बजे तक निर्धारित किया गया है. साथ ही सभी गणना कर्मियों के मोबाइल में संबंधित ऐप इंस्टॉल कर क्षेत्र का भ्रमण कर नक्शा तैयार करने को कहा गया है. लू से बचाव के लिए सभी अनुमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया गया, जहां ओआरएस और आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाई गईं. मरीजों के लिए अलग लू वार्ड बनाए गए हैं तथा शहर में पेयजल और पानी के टैंकर की व्यवस्था की गई है. जबकि एलपीजी गैस आपूर्ति की भी जांच की गई और एजेंसी संचालकों को समय पर वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. पांडुलिपियों के संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की भी समीक्षा कर अपलोड प्रक्रिया तेज करने को कहा गया.
भीषण गर्मी को लेकर प्रशासन अलर्ट, जनगणना से लेकर स्वास्थ्य व पेयजल व्यवस्था की हुई समीक्षा
भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है.
