5 लाख नकद, 100 ग्राम सोना व 500 ग्राम चांदी के साथ चार महिला गिरफ्तार

रेलवे सुरक्षा बल, रेल पुलिस और सीआइबी की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार को बड़ी सफलता हाथ लगी. यह कार्रवाई सफियाबाद कृषि बाजार समिति परिसर में छापेमारी के दौरान की गयी.

सफियाबाद कृषि बाजार समिति में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई

जमालपुर. रेलवे सुरक्षा बल, रेल पुलिस और सीआइबी की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार को बड़ी सफलता हाथ लगी. यह कार्रवाई सफियाबाद कृषि बाजार समिति परिसर में छापेमारी के दौरान की गयी. जहां से 5 लाख नकदी सहित लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किया. इस सिलसिले में चार महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है.

रेलवे सुरक्षा बल के सहायक सुरक्षा आयुक्त हीरा प्रसाद सिंह ने रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट जमालपुर में बताया कि मुंगेर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना मुंगेर रेलवे स्टेशन लाल दरवाजा निवासी बिंदेश्वरी पासी की 55 वर्षीय पत्नी सोमा देवी, झारखंड के जामताड़ा जिला अंतर्गत मिहिजाम कोडापाड़ा निवासी दीपू पासी की 20 वर्षीय पत्नी दुर्गा कुमारी, मिहिजाम कोडापाड़ा के ही पन्नू पासी की 48 वर्षीय पत्नी के दिल्ली देवी तथा धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथपुर निवासी पुतुल पासी की 20 वर्षीय पत्नी पुतुल कुमारी को गिरफ्तार किया गया. जिसके पास से नगद राशि और जेवरात बरामद किये गये हैं.

ट्रेनों में रेलयात्रियों से चुराया गया था सभी सामान

उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से जमालपुर-भागलपुर रेलखंड और भागलपुर-बांका रेलखंड पर बड़ी संख्या में रेल यात्रियों के सामानों की चोरी हो रही थी. इसे देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल ने एक टीम गठित की. इसी सिलसिले में 11 फरवरी को इंटरसिटी से पटना जाने वाली एक महिला को आभास हुआ कि उसके पास से उसका मंगलसूत्र निकाल लिया गया है. जल्दबाजी में उक्त महिला ने रेल थाना में आवेदन नहीं दिया, परंतु रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों को अपनी शिकायत सुनाई. वह महिला 12 फरवरी को जमालपुर लौटी और एक बार फिर रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों से मिली. रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी और सीआइबी इंस्पेक्टर ने उक्त महिला के साथ सीसीटीवी कैमरे के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गयी. इसमें दो महिलाओं को चिह्नित किया गया. इसी सिलसिले में शुक्रवार को दोनों महिलाओं को जमालपुर रेलवे स्टेशन पर देखा गया. अधिकारियों ने उसका पीछा किया तो पाया गया कि दोनों महिलाएं सफियाबाद कृषि बाजार समिति के मैदान में टेंट लगाकर रहती है. इसके बाद कासिम बाजार थाना पुलिस को साथ लेकर रेलवे सुरक्षा बल, रेल पुलिस और सीआइबी की टीम ने वहां छापेमारी की जहां से बड़ी संख्या में नकद राशि और सोने चांदी के जेवरात बरामद किये गये. उन्होंने बताया कि बरामद सामग्रियों में 5 लाख रुपये नकद, लगभग 100 ग्राम सोने के जेवरात और 500 ग्राम चांदी के जेवरात शामिल है. इसके अतिरिक्त दो मोबाइल और कुछ आधार कार्ड भी बरामद किये गये हैं. उन्होंने बताया कि यह महिलाएं खानाबदोश के रूप में रहती है और समय-समय पर अपना ठिकाना बदलते रहती है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ की जा रही है. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी के बाद वह सभी सामान कहां भेजते हैं. छापेमारी दल में सीआइबी इंस्पेक्टर एसके सुधा, रेलवे सुरक्षा बल के सब इंस्पेक्टर जेआर मीणा, बसंत प्रसाद, रेल थाना जमालपुर के सब इंस्पेक्टर निरंजन कुमार रजक, अल्बीना हंसदा सहित अन्य थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RANA GAURI SHAN

RANA GAURI SHAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >