अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई, चार दुकानदारों से वसूला जुर्माना

तारापुर में लगातार लग रहे जाम और बदहाल यातायात व्यवस्था की गंभीरता से लेते हुए शनिवार को नगर पंचायत प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया

तारापुर.

तारापुर में लगातार लग रहे जाम और बदहाल यातायात व्यवस्था की गंभीरता से लेते हुए शनिवार को नगर पंचायत प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. अभियान के दौरान प्रशासन का सख्त और कड़ा रुख देखने को मिला. कार्यपालक पदाधिकारी सोनाली प्रिया के नेतृत्व में सड़क किनारे अवैध रूप से किये गये अतिक्रमण को हटाया गया. जबकि अतिक्रमण के आरोप में चार दुकानदारों व नियम विरुद्ध सड़क किनारे बाइक लगाने वाले चालकों से जुर्माना वसूला गया. नगर प्रशासन की टीम ने सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग स्थित तारापुर के सबसे व्यस्तम इलाके शहीद चौक, बैंक ऑफ इंडिया के समीप तथा तारापुर सब्जी हाट से लेकर डा. जीवानंद मार्केट तक सड़क से सटे कई दुकानों के आगे से अतिक्रमण हटाया. हालांकि विभिन्न समाचार पत्रों में अतिक्रमण हटाने संबंधी खबर प्रकाशित होने के कारण अधिकांश दुकानदार पहले से सतर्क दिखे और स्वयं अपने दुकान के आगे से अतिक्रमण हटा लिया था. जैसे ही नगर प्रशासन ने सख्ती दिखाई वैसे ही फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले दुकानदार आनन-फानन में अपना सामान समेट कर भाग निकले. इस दौरान चार दुकानदारों से दो हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. जबकि बाजार के विभिन्न स्थानों पर नियम विरुद्ध वाहन खड़ा करने वाले दर्जनों बाइक चालकों से तारापुर पुलिस द्वारा पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. साथ ही सड़क के दोनों ओर फुटपाथ पर जेसीबी चलवाकर स्थानीय दुकानदारों द्वारा कराए गए अवैध पक्के निर्माण को भी ध्वस्त किया गया. प्रशासन की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों के बीच अफरा-तफरी मची रही. कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि अभियान से पूर्व माइकिंग कर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गयी थी. इस अभियान में स्वच्छता पदाधिकारी कोमल, नगर प्रबंधक रोहित कुमार, तारापुर सीओ संतोष कुमार, अंचल अमीन, क्यूआरटी टीम व पुलिस बल मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANAND KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >