दो दर्जन राउंड चलीं गोलियां, दो के फटे सिर, मुख्य आरोपित समेत दो गिरफ्तार
धरहरा. मोहनपुर गांव में मंगलवार की रात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प व गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी. विवाद इस कदर बढ़ा कि दोनों ओर से दर्जनों राउंड गोलियां चलीं, जिससे गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया. इस मारपीट की घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे दो लोगों के सिर फट गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही धरहरा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची व घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. पुलिस ने घटनास्थल से एक दर्जन से अधिक खोखा बरामद किया है.
ई-रिक्शा रोकने और गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद
पीड़ित विष्णु कुमार के अनुसार, वह मंगलवार की रात अपने पिता नीरज सिंह के साथ ई-रिक्शा से घर लौट रहा था. इसी बीच टुनटुन यादव ने ई-रिक्शा रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर टुनटुन के समर्थकों ने मारपीट की व दहशत फैलाने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग की. दूसरी ओर, टुनटुन यादव का कहना है कि वह होली के गीत गाकर घर लौट रहा था, तभी ई-रिक्शा सवार नीरज सिंह व उसके बेटे ने उसे रोककर अभद्रता की. इसके बाद दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए.
झड़प में चार लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
इस हिंसक झड़प में एक पक्ष से मोहनपुर रामसरिया टोला निवासी रामाशीष यादव व रविश यादव घायल हुए हैं, जिनका सिर फट गया है. वहीं दूसरे पक्ष से नीरज कुमार सिंह व विष्णु कुमार को चोटें आयी हैं. पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है ताकि दोबारा तनाव न फैले.
10 लोगों पर प्राथमिकी, दो गिरफ्तार
थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदन के आधार पर कुल 10 लोगों के विरुद्ध धरहरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के मुख्य आरोपितों, टुनटुन यादव व विष्णु कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.