यूरिया के लिए किसानों के बीच धक्का-मुक्की, एक किसान की मोबाइल चोरी

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे

हवेली खड़गपुर प्रखंड क्षेत्र में यूरिया खाद की भारी किल्लत के बीच मंगलवार को प्रखंड परिसर स्थित बिस्कोमान भवन में खाद लेने के लिए किसानों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. उचित मूल्य पर खाद मिलने की सूचना पर अहले सुबह से ही किसान बिस्कोमान भवन पहुंचकर कतारबद्ध हो गये. देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और खाद लेने को लेकर धक्का-मुक्की होने लगी. किसानों की मानें तो शुरुआती समय में प्रशासनिक व्यवस्था नहीं होने के कारण बाद में आने वाले किसान लाइन तोड़कर आगे बढ़ने लगे, जिससे पहले से कतार में खड़े किसानों में आक्रोश फैल गया. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे, जिससे स्थिति और बिगड़ती चली गई. किसान अरविंद कुमार, सरोज कुमार, संजय कुमार व मनोज कुमार ने बताया कि वे लोग सुबह से ही लाइन में लगे हुए हैं. लेकिन बाद में आए लोग धक्का-मुक्की कर आगे निकलने की कोशिश करने लगे. धक्का-मुक्की के बीच बड़की हथिया गांव निवासी देवेंद्र यादव का मोबाइल भी चोरी हो गया. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह किसानों को समझाकर लाइन में लगवाया, फिर भी स्थिति सामान्य नहीं हो सकी. किसानों ने प्रशासन से मांग की कि खाद की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ वितरण व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाए. ताकि भविष्य में इस तरह की अव्यवस्था और तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न नहीं हो. इधर बिस्कोमान प्रबंधक प्रमोद कुमार ने बताया कि खाद 500 बोरा ही आया था. लेकिन ज्यादा किसान खाद लेने पहुंचे थे. जबकि सभी किसानों को खाद दिया जा रहा था. उन्होंने बताया कि गोदाम में अभी खाद नहीं है. खाद की गाड़ी आने के बाद ही वितरण किया जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR

ANAND KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >