मुंगेर : मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में विश्वकर्मा पूजा के बाद प्रसाद खाने से करीब दो दर्जन छात्राओं के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है. शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद छात्राओं को देर शाम इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल लाया गया. यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अधिकांश छात्राओं का प्राथमिक उपचार किया और स्थिति सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल से वापस भेज दिया. वहीं साक्षी कुमारी नामक एक छात्रा को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है.
प्रसाद खाने के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत
बताया जाता है कि कॉलेज परिसर में विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया था. पूजा के बाद छात्र-छात्राओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. प्रसाद खाने के कुछ समय बाद कई छात्राओं को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते करीब दो दर्जन छात्राओं की तबीयत बिगड़ गयी.
इसके बाद कॉलेज प्रबंधन की ओर से बीमार छात्राओं को इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी छात्राओं की जांच की और आवश्यक उपचार किया.
डॉक्टर ने प्रथम दृष्टया फूड प्वाइजनिंग की जतायी आशंका
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. फैजुद्दीन ने प्रथम दृष्टया फूड प्वाइजनिंग की बात कही है. उपचार के बाद अधिकांश छात्राओं की स्थिति सामान्य बतायी गयी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से वापस भेज दिया गया. वहीं साक्षी कुमारी को अस्पताल में भर्ती कर चिकित्सकों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है.
प्रसाद की गुणवत्ता को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गयी. एक साथ कई छात्राओं के बीमार पड़ने के बाद प्रसाद की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं. हालांकि प्रसाद में किस वजह से गड़बड़ी हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आयी है.
मामले में कॉलेज प्रबंधन की ओर से जांच की जा रही है. जांच के बाद ही छात्राओं के बीमार पड़ने के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
