तीसरी सोमवारी पर पंचमुखीनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, रात से ही लगने लगी भक्तों की कतार

सावन की तृतीय सोमवारी पर हवेली खड़गपुर के बाबा पंचमुखी नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शिवभक्तों ने जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

हवेली खड़गपुर( मुंगेर ) : सावन की तीसरी सोमवारी पर नगर मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध बाबा पंचमुखीनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. रविवार देर रात से ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में शिवभक्तों की चहल-पहल शुरू हो गयी थी. रात करीब दो बजे से बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक शुरू हुआ, जिसके बाद अहले सुबह से श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गयी. हर-हर महादेव, बोल बम और बाबा पंचमुखीनाथ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा.

सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पहुंचे शिवभक्त

उत्तरवाहिनी गंगा सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में शिवभक्त बाबा पंचमुखीनाथ के दरबार पहुंचे. श्रद्धालु पैदल कांवर यात्रा के साथ-साथ बाइक और चारपहिया वाहनों से भी मंदिर पहुंचे. भक्तों ने कतारबद्ध होकर बाबा का जलाभिषेक किया. इस दौरान गंगाजल, बेलपत्र, पुष्प और अक्षत अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गयी. महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और युवाओं में तीसरी सोमवारी को लेकर खासा उत्साह दिखा.

भीड़ संभालने में जुटी रही पुलिस

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए खड़गपुर थाना पुलिस ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए थे. मंदिर परिसर के अंदर और बाहर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के साथ प्रवेश और निकास पर भी नजर रखे हुए थे. सुबह भीड़ बढ़ने पर पुलिसकर्मी व्यवस्था संभालते नजर आए. मंदिर के आसपास यातायात सुचारू रखने पर भी विशेष ध्यान दिया गया.

मंदिर के बाहर मेले जैसा रहा नजारा

पूजा-अर्चना के साथ मंदिर के आसपास मेले जैसा माहौल बना रहा. बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने गन्ने का ताजा रस, गोलगप्पे, समोसा, छोले-कुलचे, जलेबी, झालमुड़ी और चाट-पापड़ी सहित विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया. दुकानों और ठेलों पर भी लोगों की अच्छी भीड़ रही.

युवाओं में सेल्फी का दिखा क्रेज

पूजा के बाद युवाओं में सेल्फी लेने का खास उत्साह दिखा. युवक-युवतियां दोस्तों और परिवार के साथ मंदिर परिसर और आसपास तस्वीरें लेते नजर आए. तीसरी सोमवारी पर बाबा पंचमुखीनाथ मंदिर और आसपास का इलाका दिनभर आस्था, भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सौरभ कुमार

सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >