30 करोड़ की योजना के बावजूद अधूरा पड़ा जमालपुर स्टेशन का विकास कार्य

Amrit Bharat Station Scheme: देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल जमालपुर जंक्शन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शुरू हुआ करोड़ों का विकास कार्य अब भी अधूरा पड़ा है. तीन साल बाद भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू तक नहीं हो सकी हैं, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है.

मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Munger News : पूर्व रेलवे मालदा मंडल के ग्रेड-ए श्रेणी वाले जमालपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर 30 करोड़ रुपये की अमृत भारत स्टेशन योजना का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 अगस्त 2023 को देश के 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य का शिलान्यास किया था, जिसमें जमालपुर स्टेशन भी शामिल था. दावा किया गया था कि कुछ ही महीनों में स्टेशन की तस्वीर बदल जाएगी, लेकिन करीब तीन वर्ष बीतने के बाद भी कई अहम कार्य अधूरे हैं.

जमालपुर स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कई निर्माण कार्य जरूर पूरे किए गए हैं, लेकिन स्टेशन के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट अब भी अटके हुए हैं.

स्टेशन भवन का बदला लुक, लेकिन काम अधूरा

योजना के तहत स्टेशन भवन का फसाड कार्य पूरा कर लिया गया है. यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर एस्केलेटर और लिफ्ट भी लगाए गए हैं. स्टेशन परिसर में नए सिरे से बगीचा विकसित किया गया है तथा पोर्टिको को आकर्षक रूप दिया गया है.इसके अलावा वाहन स्टैंड और पे एंड यूज टॉयलेट को भी स्थानांतरित किया गया है. हालांकि इन बदलावों के बावजूद स्टेशन के कई जरूरी निर्माण कार्य अब तक पूरे नहीं हो सके हैं.

फुट ओवर ब्रिज का काम शुरू होने से पहले रुका

योजना के तहत प्लेटफार्म संख्या 1 को प्लेटफार्म संख्या 2 और 3 से जोड़ने के लिए 12 मीटर चौड़े आधुनिक फुट ओवर ब्रिज का निर्माण होना है. इस ब्रिज पर यात्रियों की सुविधा के लिए छोटे-छोटे स्टॉल भी बनाए जाने हैं.बताया गया कि पिछले अप्रैल महीने में निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन अचानक इसे रोक दिया गया. रेलवे सूत्रों के अनुसार कहलगांव सहित अन्य स्टेशनों पर कार्य पूरा होने के बाद जमालपुर में दोबारा काम शुरू होगा.

आधा-अधूरा पड़ा कमर्शियल बिल्डिंग निर्माण

स्टेशन परिसर में प्रस्तावित कमर्शियल बिल्डिंग का निर्माण भी अधूरा पड़ा हुआ है. वहीं वाहन स्टैंड में भी कई सुधार कार्य किए जाने बाकी हैं. यात्रियों का कहना है कि अधूरे निर्माण के कारण स्टेशन परिसर में असुविधा बनी हुई है.पूर्वी इलाके के लोगों में बढ़ रहा आक्रोशजमालपुर शहर के पूर्वी क्षेत्र के लोगों को स्टेशन तक पहुंचाने के लिए प्रस्तावित फुट ओवर ब्रिज और अन्य यात्री सुविधाओं का कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है. इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.लोगों का कहना है कि रेलवे ने बड़े-बड़े दावे तो किए, लेकिन जमीन पर विकास कार्य की रफ्तार बेहद धीमी है.यात्रियों को पूरी सुविधा मिलने का इंतजाररेल यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की मांग है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के शेष कार्यों को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि जमालपुर जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन बनाया जा सके और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >