अल्ट्रासाउंड जांच केंद्र में पारामेडिकल स्टूडेंट की भीड़ पर भड़के सीएस

सदर अस्पताल की व्यवस्था में सुधार को लेकर सिविल सर्जन डॉ राजू अब पूरी तरह एक्शन मोड में दिख रहे हैं. जिसे लेकर वे लगातार अस्पताल का औचक निरीक्षण भी कर रहे.

सिविल सर्जन ने सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

मुंगेर. सदर अस्पताल की व्यवस्था में सुधार को लेकर सिविल सर्जन डॉ राजू अब पूरी तरह एक्शन मोड में दिख रहे हैं. जिसे लेकर वे लगातार अस्पताल का औचक निरीक्षण भी कर रहे. शनिवार को भी सिविल सर्जन ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान कमियों को लेकर जहां कई कर्मियों पर गाज गिरी है. वहीं अस्पताल में घूम रहे पारामेडिकल स्टूडेंट और अल्ट्रासाउंड में बिना ड्यूटी के मिले पारामेडिकल स्टूडेंट को देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की. जिसे लेकर उन्होंने कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये. मौके पर प्रभारी अस्पताल उपाधीक्षक डॉ फैजुद्दीन, डॉ निरंजन, डॉ रईस, डीपीएम मो फैजान आलम अशरफी मुख्य रूप से मौजूद थे.

पुरुष व महिला वार्ड के तीन परिचारिकाओं पर गिरी गाज

निरीक्षण के दौरान सीएस सबसे पहले मॉडल अस्पताल के दूसरे तल पर संचालित पुरुष एवं महिला वार्ड पहुंचे. जहां महिला वार्ड में कई मरीजों के बेड पर इंजेक्शन में दवाई भरकर रखे पाये जाने पर सिविल सर्जन ने नाराजगी व्यक्त की. साथ ही कार्य में लापरवाही को लेकर महिला वार्ड इंचार्ज ज्योति कुमारी से स्पष्टीकरण पूछते हुए उनके एक दिन के वेतन पर रोक लगाने का निर्देश अस्पताल उपाधीक्षक को दिया. इसके अतिरिक्त महिला वार्ड निरीक्षण के दौरान हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ निरंजन कुमार द्वारा बताया गया कि शुक्रवार की शाम वार्ड में कोई परिचारिका मौजूद नहीं थी. जिसके कारण मरीज परेशान रहे. जिसपर सिविल सर्जन ने शुक्रवार को पुरुष वार्ड में तैनात परिचारिका सबा नाज और मधु प्रिया से स्पष्टीकरण पूछने और शुक्रवार के वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया.

बिना कारण इधर-उधर भटकने पर पारामेडिकल स्टूडेंट का रोका जाएगा अनुभव प्रमाण पत्र

सिविल सर्जन अचानक मॉडल अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित अल्ट्रासाउंड जांच केंद्र पहुंचे. जहां मरीज से अधिक पारामेडिकल स्टूडेंट की संख्या को देखकर पूरी तरह भड़क गये. जिसके बाद उन्होंने अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल की जगह अल्ट्रासाउंड जांच केंद्र में मौजूद पारामेडिकल स्टूडेंट को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देशित किया कि जिनकी ड्यूटी जहां है, वहां निर्धारित अवधि तक तैनात रहें. बिना कारण इधर-उधर भटकते पाये जाने पर वैसे पारामेडिकल स्टूडेंट का अनुभव प्रमाण पत्र रोक दिया जायेगा. सिविल सर्जन ने कहा कि अल्ट्रासाउंड जांच केंद्र में केवल गर्भवतियों की जांच होती है. ऐसे में यहां केवल छात्राओं की ड्यूटी लगायें, ताकि प्राइवेसी बनी रहे और गर्भवती सुलभ रूप से अपना जांच करा सकें.

कार्य में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने सभी चिकित्सकों और कर्मियों को निर्देशित किया कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. किसी प्रकार की परेशानी होती है तो उसके लिए मुझे जानकारी दें, लेकिन मरीजों के इलाज को लेकर पूरी तरह सजग रहें. उन्होंने कहा कि यदि एक फ्लोर पर दो या तीन वार्ड का संचालन हो रहा है तो वहां मौजूद सभी परिचारिकाओं की सामूहिक जिम्मेदारी है कि वह एक रूप से कार्य करें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT JHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >