शैक्षणिक प्रक्रियाओं को लेकर एमयू की सूचनाओं से असमंजस की स्थिति

विश्वविद्यालय की सूचना के अनुसार चार मार्च तक कॉलेजों में होली को लेकर अवकाश, पांच मार्च को विशेष अवकाश

होली को लेकर चल रहा अवकाश, निर्धारित कर दी नामांकन व परीक्षा की तिथि

मुंगेर. मुंगेर विश्वविद्यालय अपने शैक्षणिक प्रक्रियाओं को लेकर कितना सजग है, इसका अंदाजा केवल इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक ओर जहां एमयू व उसके कॉलेजाें में एक मार्च से ही होली को लेकर अवकाश हो चुका है. वहीं एमयू ने 28 फरवरी से ही न केवल स्नातक सेमेस्टर-1 की प्रायोगिक परीक्षा आरंभ करने की सूचना जारी की है, बल्कि सत्र 2022-25 स्नातक पार्ट-2 में नामांकन के लिए 5 मार्च तक का समय भी निर्धारित कर दिया है. एमयू व उसके कॉलेज होली अवकाश के बाद छह मार्च को खुलेंगे. ऐसे में अब विद्यार्थी अवकाश और पर्व के बीच अपने शैक्षणिक सत्रों की सूचनाओं को लेकर असमंजस में हैं.

बता दें कि राजभवन की ओर से सभी विश्वविद्यालयों के लिए पहले ही अवकाश कैलेंडर जारी कर दिया जाता है. इसके अनुसार ही विश्वविद्यालय व कॉलेजों में अवकाश होता है. ऐसे में नियमानुसार तो विश्वविद्यालय अवकाश अवधि के बाद या पहले ही अपने शैक्षणिक प्रक्रियाओं को पूरी करते हैं, लेकिन एमयू के लिए अवकाश और उस दौरान कॉलेजों के बंद रहने से शायद ही कोई मतलब है, क्योंकि एमयू की अधिसूचनाओं को देखकर तो कुछ ऐसा ही लगता है.

छुट्टियों के बीच सूचनाओं में चल रही प्रक्रियाएं

बता दें कि एमयू ने सत्र 2022-25 स्नातक पार्ट-2 में नामांकन की प्रक्रिया 25 फरवरी से आरंभ की है. इसमें विद्यार्थियों को नामांकन के लिए पांच मार्च तक का समय दिया गया है. जबकि खुद विश्वविद्यालय की सूचना के अनुसार चार मार्च तक कॉलेजों में होली को लेकर अवकाश रहेगा. जबकि पांच मार्च को विशेष अवकाश होगा. इसके बाद छह मार्च को विश्वविद्यालय व कॉलेज खुलेंगे. ऐसे में अब उक्त सत्र के वैसे विद्यार्थी, जो नामांकन नहीं ले पाये हैं, वे कब नामांकन लेंगे. यह खुद विश्वविद्यालय ही समझ सकता है. हद तो यह है कि यह सत्र पहले ही विलंब से चल रहा है. इतना ही नहीं एमयू ने 28 फरवरी से 12 मार्च तक सत्र 2025-29 स्नातक सेमेस्टर-1 के लिए प्रायोगिक परीक्षाओं की सूचना पूर्व में ही जारी की है. जबकि 28 फरवरी के बाद से ही एमयू व उसके कॉलेज बंद हैं. ऐसे में अब कॉलेजों को उक्त सत्र की प्रायोगिक परीक्षाएं 6 से 12 मार्च के बीच ही आयोजित करनी होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT JHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >