जमालपुर : जमालपुर नगर परिषद की मुख्य पार्षद पार्वती देवी ने बुधवार को करीब 27 लाख रुपये की लागत से तैयार दो लोक कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन किया. उन्होंने नगर परिषद परिसर स्थित सामुदायिक शौचालय और काली पहाड़ी की तराई स्थित ओपन जिम का लोकार्पण किया.
महिला-पुरुष के लिए अलग व्यवस्था, फीडिंग रूम भी
नगर परिषद परिसर में बने सामुदायिक शौचालय का उद्घाटन करते हुए मुख्य पार्षद ने बताया कि इसमें महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था की गई है. महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फीडिंग रूम भी बनाया गया है, जहां वे अपने दूधमुंहे बच्चों को सुरक्षित वातावरण में स्तनपान करा सकें. इसके अलावा स्नान की भी व्यवस्था की गई है. इस शौचालय के निर्माण पर लगभग 14 लाख रुपये खर्च किए गए हैं.
13 लाख की लागत से बना ओपन जिम
मुख्य पार्षद ने काली पहाड़ी की तराई में ऊपरी नहर के समीप लगभग 13 लाख रुपये की लागत से निर्मित ओपन जिम का भी उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि लंबे समय से शहरवासियों की ओपन जिम की मांग थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है. प्रतिदिन सुबह और शाम बड़ी संख्या में लोग यहां टहलने आते हैं, जिन्हें इस सुविधा का लाभ मिलेगा.
शहर को बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता
मुख्य पार्षद पार्वती देवी ने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है. उनकी प्राथमिकता जमालपुर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त शहर बनाना है, ताकि लोगों को बेहतर वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें.
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में कार्यपालक पदाधिकारी विजयशील गौतम, वार्ड पार्षद दीपा सिन्हा, आलोक कुमार, कैलाश कुमार सिंह, सोनू मंडल, राजन मंडल सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
ALSO READ : 55 पैसे प्रति यूनिट बिजली, 12 घंटे लगातार सप्लाई, किसानों को सम्राट सरकार का तोहफा
