बाबाधाम जा रहे छत्तीसगढ़ के कांवरिया की तारापुर कांवरिया पथ पर मौत, यात्रा के दौरान बिगड़ी तबीयत

श्रावणी मेला के दौरान बाबाधाम जा रहे छत्तीसगढ़ के एक कांवरिया की तारापुर कांवरिया पथ पर अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। साथी कांवरियों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

Shravani Mela: तारापुर (मुंगेर). श्रावणी मेला के दौरान बाबाधाम जा रहे छत्तीसगढ़ के एक कांवरिया की शुक्रवार सुबह तारापुर कांवरिया पथ पर अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. साथी कांवरियों ने उसे तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भेज दिया है.

सात सदस्यीय जत्थे के साथ निकले थे बाबाधाम

मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पचरीपारा निवासी स्व. अजय सिंह राजपूत के 35 वर्षीय पुत्र प्रियेश सिंह राजपूत के रूप में हुई है. बताया गया कि वह सात सदस्यीय कांवरिया जत्थे के साथ सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबाधाम के लिए रवाना हुए थे.

यात्रा शुरू होने के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत

साथी कांवरियों के अनुसार शुक्रवार सुबह यात्रा शुरू होने के लगभग आधे घंटे बाद धोबई क्षेत्र से दो-तीन किलोमीटर आगे प्रियेश सिंह राजपूत को अचानक चक्कर आया और वह सड़क पर गिर पड़े. साथियों ने उन्हें पानी पिलाया और 102 एंबुलेंस की मदद से पहले निकटवर्ती सेवा शिविर तथा बाद में अनुमंडलीय अस्पताल तारापुर पहुंचाया.

अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत

अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि कांवरिया को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. उनके शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

थानाध्यक्ष राज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही एसआई मनीष कुमार एवं एएसआई मनोज कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

साथी कांवरियों में शोक

Shravani Mela: जत्थे में शामिल कांवरियों ने बताया कि प्रियेश पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्हें पहले से किसी गंभीर बीमारी की जानकारी नहीं थी. उनकी अचानक मौत से पूरे जत्थे में शोक का माहौल है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय वर्मा

संजय वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. तारापुर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >