जमालपुर (मुंगेर). बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9 (बीएसएपी-9) की ट्रांसजेंडर महिला कांस्टेबल अवंतिका सिंधु का शव सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. परिजन शव लेकर पश्चिम चंपारण के बेतिया स्थित पहाड़पुर के लिए रवाना हो गए. दूसरी ओर बीएसएपी की आईजी एस. प्रेमलता ने कैंप पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ-साथ ट्रांसजेंडर प्रशिक्षुओं से भी मामले को लेकर जानकारी ली.
बीएसएपी-9 के बाथरूम में मिला था शव
अवंतिका सिंधु का शव रविवार को बीएसएपी-9 कैंप के बाथरूम से बरामद किया गया था. घटना की सूचना मिलने के बाद पश्चिम चंपारण के बेतिया स्थित पहाड़पुर से उनके पिता उमाशंकर पासवान, चाचा, भाई और अन्य परिजन देर शाम जमालपुर पहुंचे थे. सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया.
16 अगस्त को प्रशिक्षण के लिए पहुंची थीं अवंतिका
परिजनों ने बताया कि अवंतिका तीन भाइयों की इकलौती बहन थीं. बिहार पुलिस में चयन होने के बाद 16 अगस्त को वह पटना से बीएसएपी-9 कैंप पहुंची थीं. प्रशिक्षण को लेकर वह काफी उत्साहित थीं. कैंप पहुंचने के दिन उन्होंने फोन पर परिवार के सदस्यों से बातचीत कर बताया था कि वहां सब कुछ ठीक है. इसके बाद भी उन्होंने परिवार से कई बार फोन पर बात की थी.
आईजी ने परिजनों से की मुलाकात
बीएसएपी की आईजी एस. प्रेमलता ने सोमवार को कैंप पहुंचने के बाद सबसे पहले अवंतिका के पिता और अन्य परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने परिजनों से अवंतिका के संबंध में कई जानकारियां लीं. परिजनों ने बताया कि ट्रांसजेंडर होने के कारण वह कभी-कभी मानसिक रूप से परेशान हो जाती थीं.
आईजी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि अवंतिका की मौत की जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और सभी पहलुओं की जांच होगी.
अधिकारियों और ट्रांसजेंडर प्रशिक्षुओं से ली जानकारी
आईजी ने कैंप कमांडेंट मिथिलेश कुमार तथा प्रशिक्षण विभाग से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर घटना की जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने कैंप में प्रशिक्षण ले रहे अन्य ट्रांसजेंडर जवानों से भी बातचीत की. उन्होंने प्रशिक्षण, आवास, खानपान और कैंप में उपलब्ध अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की.
घटनास्थल और आवासीय परिसर का किया निरीक्षण
आईजी एस. प्रेमलता ने प्रशिक्षण स्थल, घटनास्थल और आवासीय परिसर का भी निरीक्षण किया. उन्होंने कैंप की व्यवस्थाओं और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी अधिकारियों से ली. पुलिस की ओर से भी मामले की जांच जारी है.
मोबाइल फोन की भी जांच कर रही पुलिस
पुलिस सूत्रों के अनुसार अवंतिका के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है. जांच के दौरान कथित तौर पर एक ऐसा वीडियो भी मिला है, जिसमें उन्होंने ट्रांसजेंडर समुदाय को सामाजिक स्तर पर सम्मान और प्रतिष्ठा नहीं मिलने को लेकर अपनी परेशानी व्यक्त की थी. हालांकि इस सामग्री और उसकी परिस्थितियों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है.
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर बेतिया रवाना
जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद अवंतिका सिंधु का शव परिजनों को सौंप दिया गया है. परिजन शव लेकर बेतिया रवाना हो गए हैं. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
