महिला कांस्टेबल प्रशिक्षण के 38 लाख गबन मामले में आरोपित गिरफ्तार, इटहरी से पुलिस ने दबोचा

जमालपुर पुलिस ने 38 लाख रुपये के गबन मामले में मुख्य आरोपित मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है. यह मामला बीएसएपी-9 में महिला कांस्टेबल प्रशिक्षण के दौरान खानपान मद में हुआ था. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

Munger News: जमालपुर. जमालपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नया रामनगर थाना पुलिस के सहयोग से जमालपुर थाना कांड संख्या 99/26 के आरोपित मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित नया रामनगर थाना क्षेत्र के इटहरी निवासी आनंदी साव का पुत्र है. पुलिस के अनुसार उसका नाम बीएसएपी-9 जमालपुर में महिला कांस्टेबल प्रशिक्षण के दौरान खानपान मद में करीब 38 लाख रुपये के कथित गबन मामले में सामने आया है.

महिला कांस्टेबल प्रशिक्षण के दौरान सामने आया था मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार जमालपुर स्थित बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस-9 (बीएसएपी-9) में महिला कांस्टेबलों का प्रशिक्षण वर्ष 2025 से शुरू होकर जून 2026 में समाप्त हुआ था. प्रशिक्षण अवधि के दौरान महिला कांस्टेबलों के भोजन की व्यवस्था की जिम्मेदारी आशियाना जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, कलारामपुर को सौंपी गई थी.

सुपरवाइजर पर राशि जमा नहीं करने का आरोप

समिति की ओर से बरियारपुर थाना क्षेत्र के इटहरी निवासी अमन कुमार को सुपरवाइजर नियुक्त किया गया था. प्राथमिकी के अनुसार निर्धारित राशि की वसूली करने के बाद अमन कुमार ने कथित तौर पर राशि अन्नपूर्णा एफपीसी, पटना के बैंक खाते में जमा नहीं की.

परिजनों के खातों में राशि स्थानांतरित करने का आरोप

समिति की प्रतिनिधि फूल कुमारी ने 22 जून को जमालपुर थाना में कांड संख्या 99/26 दर्ज कराया था. प्राथमिकी में आरोप लगाया गया कि अमन कुमार ने राशि अपने पिता मनोज कुमार, मां कुंदन देवी और बहन रिचा कुमारी के बैंक खातों में स्थानांतरित कर दी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से मनोज कुमार फरार चल रहा था.

गुप्त सूचना पर घर में हुई छापेमारी

शुक्रवार देर शाम जमालपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि मनोज कुमार इटहरी स्थित अपने घर आया हुआ है. इसके बाद जमालपुर पुलिस ने नया रामनगर थाना पुलिस के सहयोग से उसके घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया.

न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी

Munger News: जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित मनोज कुमार को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आगे की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >