असरगंज (मुंगेर) . सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग पर मासूमगंज तरवन्ना पोखर के समीप शनिवार की सुबह दो बोलेरो की जोरदार टक्कर में छह कांवरिया घायल हो गए. हादसे में दोनों बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. घायलों में पश्चिम बंगाल के चार और बिहार के मुजफ्फरपुर के दो कांवरिया शामिल हैं. सभी घायलों को ईलाज के लिए असरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. जिसमें एक घायल के गंभीर स्थिति के कारण उसे भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है.
अनियंत्रित होकर खड़ी बोलेरो में मारी टक्कर
बताया जाता है कि मुजफ्फरपुर के कांवरिया बोलेरो से देवघर की जा रहे थे. इसी दौरान मासूमगंज तरवन्ना पोखर के समीप उनकी बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी पश्चिम बंगाल की बोलेरो से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है. सग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असरगंज लाया गया. यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. निधि कुमारी ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया.
एक कांवरिया भागलपुर रेफर
पश्चिम बंगाल के 35 वर्षीय मिथुन राज की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया गया. इसी ग्रुप के 30 वर्षीय गौतम देव सिंह, 34 वर्षीय रंजीत देव सिंह, 40 वर्षीय रमजना राय घायन हुए है. वहीं मुजफ्फरपुर के कांवरिया सुधांशु सिंह और उनकी पत्नी कीर्ति कुमारी भी हादसे में घायल हो गये. सुधांशु सिंह ने बताया कि सड़क पर एक बोलेरो आधी खड़ी थी. उनके आगे एक फॉर्च्यूनर वाहन था. फॉर्च्यूनर के आगे निकलने के बाद खड़ी बोलेरो के चालक ने अचानक वाहन पीछे कर दिया. इसी दौरान उनकी बोलेरो से टक्कर हो गई.
