सात निश्चय-3 के तहत सबका सम्मान-जीवन आसान कार्यक्रम, स्वास्थ्य मामलों की होगी सुनवाई
मुंगेर. राज्य सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत सोमवार को सदर अस्पताल परिसर में सिविल सर्जन द्वारा सबका सम्मान-जीवन आसान को लेकर जन शिकायत शिविर का आयोजन किया जायेगा. यह आयोजन सिविल सर्जन कार्यालय के निचले तल पर किया जायेगा. सिविल सर्जन डॉ राजू ने बताया कि सात निश्चय-3 के सबका सम्मान-जीवन आसान कार्यक्रम के तहत अब प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को जनसुनवाई आयोजित की जायेगी. सोमवार को सिविल सर्जन कार्यालय के निचले तल पर जन शिकायत शिविर लगाया जायेगा. इसमें सदर अस्पताल सहित जिले के सभी स्वास्थ्य मामलों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जायेगी. उन्होंने बताया कि जिन मामलों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा संभव होगा, उनका तत्काल निष्पादन किया जायेगा. जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जन शिकायत स्थल पर आने वाले लोगों के लिए पेयजल, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी. इसी को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय के निचले तल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने का निर्देश दिया गया है. जन शिकायत शिविर में उनके साथ संबंधित विभाग के स्वास्थ्य अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं की सुनवाई करेंगे. इसके लिए एक रजिस्टर की भी व्यवस्था की गई है, जिसमें लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
