सदर अस्पताल के डायरिया वार्ड में आधा दर्जन से भी अधिक मरीज हैं भरती
मुंगेर : तापमान का पारा चढ़ते ही जिले में डायरिया के मरीजों की संख्या में भी अचानक बढ़ोतरी हुई है. सिर्फ सदर अस्पताल के डायरिया वार्ड में रविवार को आधा दर्जन से अधिक मरीज भरती थे. जबकि जिले के अन्य अस्पतालों में भी डायरिया के दर्जनों मरीज भरती हैं. इसके अलावे कई पीडि़त निजी क्लिनिक में इलाज करा रहे. मरीजों के बढ़ते तादाद को देख कर ऐसे मौसम में सावधानी बरतना बेहद जरूरी हो गया है.
डायरिया वार्ड में भरती हैं पीड़ित.रविवार को सदर अस्पताल के डायरिया वार्ड में कुल 9 मरीज भरती थे. जिसमें सिंघिया निवासी कमलेश्वरी यादव, शहर के बेलन बाजार निवासी किरण देवी, मनसरीतल्ले की ललिता देवी, शादीपुर निवासी रीना देवी व विकास कुमार, लल्लू पोखर निवासी अरुण सहनी, दिलावरपुर निवासी सुमित्रा देवी, फरदा निवासी नंदनी देवी तथा किरण देवी डायरिया से पीडि़त पायी गयी. जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
डीएनएस की नहीं है व्यवस्था. डायरिया के मरीजों के लिए डीएनएस स्लाइन काफी जरूरी है. किंतु पिछले एक पखवारे से सदर अस्पताल में डीएनएस उपलब्ध नहीं है. विदित हो कि जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में तत्कालीन जिलाधिकारी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने अविलंब डीएनएस की खरीदारी करने का निर्देश दिया था. किंतु अस्पताल प्रबंधन ने शायद जिलाधिकारी के बातों का ख्याल नहीं रखा. जिसके कारण जरूरत पड़ने पर मरीजों को बाहर से डीएनएस की खरीदारी करनी पड़ रही है.
बढ़ते तापमान में रहें सावधान. जिले में पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. हाल यह है कि तापमान का पारा 41 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर चुका है. ऐसी स्थिति में सावधानी बरतना ही अधिक लाभदायक होगा. चिकित्सकों की मानें तो गरमी के दिनों में तेल व मसालेदार भोजन के सेवन से दूर रहना चाहिए. साथ ही पानी ज्यादा से ज्यादा पीना चाहिए. भूख महसूस होने पर ज्यादातर लिक्विड चीजों का ही सेवन करना चाहिए. जिससे डायरिया जैसी बीमारी से दूर रहा जा सके.
बोले अस्पताल उपाधीक्षक
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ राकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ी है. डीएनएस के जगह पर एनएस की व्यवस्था दी गयी है. अस्पताल में डीएनएस भी जल्द उपलब्ध हो जायेगा.
