मुंगेर : राज्य के मुख्यमंत्री ने अपने सात निश्चय में पहला निश्चय शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. किंतु जिले में शराबबंदी को लेकर शायद स्थानीय थाना पुलिस सजग नहीं है. जिसके कारण जहां चोरी छिपे आज भी देशी व विदेशी शराब की बिक्री हो रही. वहीं पुलिस थाने के नाक के नीचे ताड़ी की भी बिक्री खुलेआम हो रही है.
नया रामनगर थाना के दस कदम की दूरी पर इन दिनों ताड़ी का धंधा काफी फल- फूल रहा है. सुबह होते ही यहां पर पियक्कड़ों की भीड़ जुटने लगती है, जो देर शाम तक जारी रहता है. ताड़ी विक्रेता दिखावे के लिए तो वहां पर लगे एक खजूर के पेड़ को ही दर्शाते हैं. किंतु दूर- दराज से ताड़ी को ला कर यहां खुलेआम बेचा जा रहा है. वहीं स्थानीय थाना पुलिस मूक दर्शक बनी हुई है. जबकि उत्पाद एवं मद निषेध विभाग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ताड़ी को भी शराब की श्रेणी में ही रखा गया है. खुलेआम इसकी खरीद-बिक्री, भंडारण व परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध है. बावजूद पुलिसिया लापरवाही के कारण अब भी कई जगहों पर खुलेआम ताड़ी की धड़ल्ले से खरीद- बिक्री हो रही है.
कहते हैं थानेदार
नया रामनगर थानाध्यक्ष पल्लव ने बताया कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है. यदि कोई ताड़ी की खरीद- बिक्री कर रहा है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
