मुंगेर : मुंगेर शहर के चौक बाजार स्थित पंडित दीनदयाल चौक प्रतिमा स्थल को क्षतिग्रस्त करने एवं उसके विरोध में उग्र लोगों द्वारा सड़क जाम व आगजनी के मामले में प्रशासन ने दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है. वैसे इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है.
पुलिस प्रशासन पुरी तरह चौकस है और शहर में पुलिस गश्त तेज कर दी गयी है. पंडित दीनदयाल चौक पर गुरुवार की रात प्रतिमा स्थल को क्षतिग्रस्त करने का मामला उस समय हाई लेवल का हो गया. जब इस मुद्दे पर विधान मंडल में चर्चा उठ गयी. यू तो पहले पुलिस प्रशासन इस मामले को शांत कर आगे की कार्रवाई पर विराम लगाना चाहती थी.
लेकिन जब विधान मंडल में मामला उठा तो शनिवार को इस मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी. प्रतिमा स्थल को क्षतिग्रस्त करने के मामले में कार्यपालक दंडाधिकारी महेंद्र कुमार द्वारा कोतवाली थाने में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
जबकि शहर में जाम व आगजनी के मामले में कोतवाली थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिन्हा ने अपने बयान पर अज्ञात 100 के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है. इस प्राथमिकी के बाद शहर में एक पक्ष के लोगों द्वारा पुलिस प्रशासन पर संतुष्टीकरण की नीति अपनाने का आरोप लगाया है. इधर पुलिस अधीक्षक वरुण कुमार सिन्हा ने कहा हैं कि इस मामले में पूरी निष्पक्षता से जांच की जा रही है और साक्ष्य के आधार पर ही दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में भी असामाजिक तत्वों ने गांधी चौक पर तोड़-फोड़ की थी. इस मामले में तीन लोग पकड़े भी गये थे. पुलिस इस मामले में भी उन तीनों लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने या शहर में सौहार्द बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जा सकती है.
