मुंगेर : भारत दूरसंचार निगम लिमिटेड की ब्रॉडबैंड सेवा इन दिनों उपभोक्ताओं के लिए सर दर्द बन कर रह गया है. हाल यह है कि प्रत्येक दो से पांच मिनट पर लिंक आता-जाता है.
जिसके कारण साइबर कैफे से लेकर कार्यालयों में कामकाज करना लोगों के लिए परेशानी का सबब बन कर रह गया है. जबकि गुरुवार को भी प्रधानमंत्री के आगमन पर भी ब्रॉडबैंड का हाल बदहाल रहा.
एक ओर प्रधानमंत्री डिजिटल इंडिया करने की मुहिम में जुटे हैं वहीं मुंगेर के बीएसएनएल की व्यवस्था से नहीं लगता है कि डिजिटल इंडिया का सपना मुंगेर जिले में साकार हो पायेगा.
बीएसएनएल सेवा से लोग इतने त्रस्त हो चुके हैं कि कभी इसका नेटवर्क ठीक ढंग से नहीं काम करता है तो कभी ब्रॉडबैंड. ऐसी स्थिति में लोग बीएसएनएल को कोसने लगते हैं. सबसे ज्यादा परेशानी दफ्तरों में होती है.
जिसे मेल करना हो उसे भी दो मिनट तो क्या बीस मिनट में भी नहीं हो पाता है. अटैचमेंट फाइल तो अटैच होता ही नहीं है और किसी फाइल को डाउनलोड करना तो दूर की बात. शुक्रवार की दोपहर से ब्रॉडबैंड लोगों को इस कदर रुलाया कि लोग परेशान होकर सिस्टम छोड़ कर दूसरे काम में लग गये.
