मुंगेर : विधानसभा चुनाव में मात्र दो दिन शेष बचे हैं. जिसके कारण मुंगेर, तारापुर एवं जमालपुर विधानसभा के प्रत्याशियों ने सारी ताकत चुनाव प्रचार में झोंक दी है.
प्रत्याशी जहां गांव-गांव, घर-घर दस्तक दे रहे हैं. वहीं प्रचार वाहन गली-मुहल्ले में शोर मचा रही है. जबकि कई प्रत्याशियों ने शुक्रवार को रोड शो के माध्यम से मतदाताओं के बीच अपने जनाधार को प्रदर्शित किया.विधानसभा चुनाव का प्रचार शनिवार की शाम थम जायेगी.
जिसके कारण प्रत्याशियों ने सारी ताकत प्रचार में झोंक दी है. मुंगेर विधानसभा से एनडीए के बागी प्रत्याशी सुबोध वर्मा अपने समर्थकों के साथ विशाल रोड शो किया. मैजिक वाहन पर सुबोध वर्मा खड़े थे और उनके सैकड़ों समर्थक मोटर साइकिल से चल रहे थे. शहर के विभिन्न मार्गों में उनका रोड शो हुआ.
सुबोध वर्मा लगातार हाथ जोड़ कर जनता का अभिवादन कर रहे थे. वे जनता से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे थे. जबकि समर्थक लगातार सुबोध वर्मा के पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे. रोड शो में मुंगेर नगर निगम के वार्ड पार्षद राजू ठाकुर, तूफानी राउत, गोविंद मंडल सहित मो. इमरान, रमेश पासवान शामिल थे.
इधर जमालपुर में जदयू प्रत्याशी शैलेश कुमार ने फुलका से रोड शो प्रारंभ किया और शहर के मुख्य मार्ग होते हुए इस्ट कॉलोनी, नयागांव, आशिकपुर तक रोड शो के माध्यम से जनसमर्थन प्राप्त किया. उनके साथ जदयू, राजद, कांग्रेस के कार्यकर्ता व पार्टी पदाधिकारी शामिल थे.
इधर अन्य प्रत्याशियों के प्रचार वाहनों भी क्षेत्रों में लगातार राउंड लगाने लगे हैं. एक प्रचार वाहन गुजरती नहीं थी कि दूसरा प्रचार वाहन उधर पहुंच जाते थे. भोंपू की शोर और कर्कश आवाज लगातार लोगों के कानों में देर शाम तक गुंजती रहती थी. रिक्शा, ऑटो, लग्जरी वाहन पर भोंपू लगा कर प्रचार किया जा रहा है.
