संग्रामपुर : केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि सत्ता अहंकार से नहीं जनता की ताकत व पुरुषार्थ से चलती है. बिहार के अहंकारी नेता को इस बार जनता सबक सिखा देगी.
वे तारापुर विधानसभा क्षेत्र के संग्रामपुर में एनडीए प्रत्याशी शकुनी चौधरी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रही थी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के उत्थान का बीड़ा उठाया है.
जन-धन योजना के तहत शून्य बैलेंस पर गरीबों का खाता खोला गया. साथ ही विभिन्न बीमा योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है. उन्होंने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार घोटालों की सरकार रही है. हवा, कोयला और खेल को भी कांग्रेस ने घोटाले की भेंट चढ़ा दी.
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार केंद्र सरकार गरीबों के बीच जा रही है और लोगों का मदद किया जा रहा उससे आम जनता का विश्वास बढ़ा है. उन्होंने लोगों से कहा कि गरीब कहते हैं कि लक्ष्मी अमीरों के घर आती है पर क्या लक्ष्मी कभी लालटेन या तीर लेकर आती है. वह तो सिर्फ कमल पर बैठ कर आती है.
उन्होंने लोगों से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की. भाजपा सांसद अजय निषाद ने कहा कि भाजपा न तो भ्रष्टाचारियों के साथ ही और न ही जात-पात की राजनीति करती है. वह सबका साथ सबका विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अहंकार के कारण भ्रष्टाचारियों की शरण में जा पहुंचे हैं.
