मुंगेर : हिंदुस्तान में सभी धर्म-मजहब का सम्मान होता है. खास कर बिहार इस मामले में काफी अव्वल है. क्योंकि बिहार की धरती महावीर, भगवान बुद्ध, शेरशाह सूरी, गुरु गोविंद सिंह की धरती है.
यहां सभी धर्मों और मजहब का पूरा सम्मान होता है. ये बातें लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार ने शुक्रवार को महागठबंधन प्रत्याशी विजय कुमार विजय के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही. उन्होंने कहा कि बिहार में जात-पात, धर्म-संप्रदाय का विष नहीं फैलने देंगे.
पीढ़ी दर पीढ़ी कांग्रेस ने ऐसा करने वालों को रोकने का काम किया. उन्हांेने कहा कि बीजेपी दो दलित नेताओं को मंच पर खड़ा कर दलित का हितैषी बनना चाहती है.
हम उनसे कहते हैं कि किसने वंचितों को न्याय दिलाया. आज ऊंचे पदों पर दलित के बेटे-बेटियां बैठे है. ये सभी काम कांग्रेस ने किया. बिहार में सामाजिक न्याय का रथ चलाने वालों के साथ कांग्रेस ने गठबंधन किया है जो सिद्धांतों की लड़ाई लड़ रही है. उन्होंने कहा कि मुंगेर में मेरे पति का ननिहाल है.
इसलिए मैं रिश्ते में यहां की बहू हूं. पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नवी आजाद ने कहा कि बिहार में कांगे्रस का गठबंधन काफी मजबूत है. जनता की बदौलत 90 प्रतिशत चैनलों ने महागंठबंधन को बहुमत दिया है. मंजिल नजदीक समझ कर अपनी मेहनत को कम नहीं करे, अभी हमें सोना नहीं है. दिन रात मेहनत कर और अधिक गति देना है.
उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जो 50 डिग्री तापमान में सुखी मिट्टी पर भी आपको अपनी मिठे जुमले से फिसला सकती है. इसलिए उससे सर्तक रहना है. मौके पर महागठबंधन प्रत्याशी विजय कुमार विजय, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सौरभ निधि, जदयू जिलाध्यक्ष जियाउर रहमान सहित अन्य मौजूद थे.
