जमालपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुगेर आगमन को लेकर गुरुवार को जमालपुर में छुट्टी जैसा माहौल बना रहा. प्रात: सात बजे से ही समर्थक झुंड में कार्यक्रम स्थल सफियाबाद हवाई अड्डा के लिये प्रस्थान करते देखे गये.
वहीं जो नहीं जा पाये वे बाजार में जहां भी टीवी पर लाइव प्रसारण देखा, वहीं चिपक गये. इस बीच शहर की सड़कों पर सामान्य से कम गतिविधियां देखी गई.रेलवे स्टेशन पर इस कार्यक्रम को लेकर विशेष हलचल नहीं रही. परंतु वहां दंडाधिकारी के रूप में चिरंजीवी सिंह तैनात थे. बीएमपी 9 के मैदान को जमालपुर की ओर से मुंगेर जाने वाने वाहनों के पार्किंग का आदेश था.
परंतु मैदान में एक भी वाहन नहीं दिखा. भले ही बीएमपी गेट पर दंडाधिकारी संजय कुमार तथा जमालपुर थाना के एएसआइ केके पांडेय वहां भी तैनात दिखे. इस बीच सड़कों पर अपेक्षाकृत सन्नाटा पसरा रहा. चुनाव कार्य को लेकर वाहनों की जब्ती के कारण सड़कों पर वाहनों पहले से ही कम थी. परंतु सुरक्षा बलों की मौजूदगी को लेकर उसमें और भी कमी बनी रही. इस कारण यात्रियों को जुबली वेल चौक पर किसी एक वाहन के आते ही उधर दौड़ते देखा गया.
