– रिजल्ट के लिये 4 से 5 माह लंबे इंतजार का दिखने लगा है असर
मुंगेरमुंगेर विश्वविद्यालय में स्नातक सत्रों के रिजल्ट के लिये 4 से 5 माह का लंबा इंतजार अब विद्यार्थियों के सब्र के बांध को तोड़ने लगा है. जिसके कारण एमयू के कॉलेजों में विद्यार्थियों के ड्रॉप आउट की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. एमयू में बदहाल उच्च शिक्षा का हाल केवल इसी बात से समझा जा सकता है कि स्नातक सेमेस्टर-2 और 4 के रिजल्ट के लिये 5 माह लंबा इंतजार करने के कारण सत्र 2024-28 स्नातक सेमेस्टर-3 में जहां 4,938 विद्यार्थी ड्रॉप आउट हो गये हैं. वही सत्र 2023-27 स्नातक सेमेस्टर-5 में ड्रॉप आउट विद्यार्थियों की संख्या 4,189 है.
स्नातक सेमेस्टर-3 में ड्रॉप आउट हो गये 4,938 विद्यार्थी
बता दें कि एमयू द्वारा सत्र 2024-28 स्नातक सेमेस्टर-2 की परीक्षा साल 2025 के 18 से 27 अगस्त तक ली गयी. जिसका रिजल्ट 6 माह बाद 11 फरवरी 2025 को जारी की गयी. वही रिजल्ट के बाद स्नातक सेमेस्टर-3 के लिये विश्वविद्यालय द्वारा मार्च में नामांकन की प्रक्रिया आरंभ की गयी, लेकिन अनियमित सत्र और रिजल्ट के लिये लंबे इंतजार के कारण सेमेस्टर-3 में 4,938 विद्यार्थी ड्रॉप आउट हो गये अर्थात उन्होंने सेमेस्टर-2 के बाद सेमेस्टर-3 में नामांकन ही नहीं लिया. बता दें कि स्नातक सेमेस्टर-2 की परीक्षा में कुल 32,306 विद्यार्थी शामिल हुये थे. जिसमें कला संकाय में 27,690, विज्ञान संकाय में 4,302 तथा वाणिज्य संकाय में 314 विद्यार्थी थे. जबकि रिजल्ट के बाद सेमेस्टर-3 में 27,368 विद्यार्थियों ने ही नामांकन लिया है. जिसमें कला संकाय में 23,569, विज्ञान संकाय में 3,550 तथा वाणिज्य संकाय में 249 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया है. अब ऐसे में उक्त सत्र के कला संकाय में 4,121, विज्ञान संकाय में 752 तथा वाणिज्य संकाय में 65 विद्यार्थी ड्रॉप आउट हो गये हैं. जबकि इतने विद्यार्थी तो उक्त सत्र के रिजल्ट में फेल भी नहीं हुये हैं.
सेमेस्टर-5 में ड्रॉप आउट विद्यार्थियों की संख्या 4,189
एमयू द्वारा सत्र 2023-27 स्नातक सेमेस्टर-4 की परीक्षा 9 से 20 सितंबर 2025 तक ली गयी. जिसका रिजल्ट भी विश्वविद्यालय द्वारा 13 फरवरी को जारी किया गया. वही इसके बाद विश्वविद्यालय द्वारा सेमेस्टर-5 में नामांकन लिया गया, लेकिन इसमें भी 4,189 विद्यार्थी ड्रॉप आउट हो गये हैं. बता दें कि सेमेस्टर-4 में कुल 24,523 विद्यार्थी थे. जिसमें कला संकाय में 21,799 विज्ञान संकाय में 2,446 तथा वाणिज्य संकाय में 278 विद्यार्थी थे. जबकि सेमेस्टर-5 में 20,334 विद्यार्थियों ने ही नामांकन लिया है. जिसमें कला संकाय में 18,207, विज्ञान संकाय में 1,899 तथा वाणिज्य संकाय में 228 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया है. जबकि इस सत्र के कला संकाय में 3,592, विज्ञान संकाय में 547 तथा वाणिज्य संकाय में 50 विद्यार्थी ड्रॉप आउट हो गये हैं.
