घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तारापुर में भरती कराया गया. जबकि बोलेरो के वाहन चालक वाहन को छोड़ कर फरार हो गये. प्राप्त समाचार के अनुसार तारापुर-सुलतानगंज मुख्य मार्ग पर एक ऑटो संख्या बीआरपी 10 पी/ 0241 सुलतानगंज की ओर जा रही थी. ठीक इसके विपरीत दिशा सुलतानगंज की ओर से आ रही एक बोलेरो संख्या बीआर 11टी/ 6362 ने ऑटो को टक्कर मार दी. जिसमें ऑटो पर सवार आधे दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गये. सभी घायलों का इलाज तारापुर अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है. ऑटो चालक भगवान यादव (50 वर्ष) की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया. लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
वह तारापुर के ऊपर बाजार का रहने वाला था. घायलों में जिले के शंभुगंज निवासी चंद्रकिशोर चौधरी, मालचक सरौना के सुगल मंडल एवं छत्रहार निवासी जलधर गुप्ता शामिल हैं. वहीं तीन अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आयी है. बोलेरो चालक सहित बोलेरो पर सवार सभी लोग फरार हो गये. घटना की सूचना मिलते ही तारापुर थानाध्यक्ष शशिकांत सिन्हा घटनास्थल पर पहुंचे और वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया. उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया.
