Motihari News: पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के सिसहनी गांव का एक युवक धान की रोपनी के लिए पंजाब जाने के करीब 60 दिन बाद भी घर नहीं लौटा है. युवक के लापता होने से परिवार अनहोनी की आशंका में है. पीड़ित की पत्नी लक्ष्मी देवी ने पकड़ीदयाल थाना से लेकर मोतिहारी पुलिस अधीक्षक तक आवेदन देकर पति की तलाश की गुहार लगाई है.
Madhuban News: 7 जून को पंजाब गया था युवक
जानकारी के अनुसार सिसहनी गांव वार्ड संख्या-15 निवासी 35 वर्षीय रामपुकार मुखिया 7 जून 2026 को गांव के अन्य मजदूरों के साथ पंजाब धान की रोपनी के लिए गया था. घर से जाने के दो-तीन दिन बाद उसने परिजनों से फोन पर बात की थी.
फोन पर संदिग्ध बातचीत के बाद टूटा संपर्क
पत्नी लक्ष्मी देवी ने बताया कि बातचीत के दौरान पति ने केवल धीरज रखने की बात कही. इसी बीच पीछे से किसी व्यक्ति की आवाज आई कि "इसे यहां पार्क में रखा गया है." फोन पर काफी शोरगुल सुनाई दे रहा था और कुछ देर बाद कॉल कट गया. इसके बाद से रामपुकार मुखिया से कोई संपर्क नहीं हो सका.
साथ गए मजदूर लौटे, लेकिन नहीं मिली जानकारी
परिजनों के अनुसार रामपुकार के साथ पंजाब गए अन्य मजदूर वापस गांव लौट आए हैं. हालांकि उनसे पूछताछ करने पर भी युवक के संबंध में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी. घटना के बाद से पूरा परिवार चिंता में है और लगातार उसकी तलाश की मांग कर रहा है.
पुलिस ने यूपी पुलिस से संपर्क की दी सलाह
पकड़ीदयाल थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की अंतिम लोकेशन उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के आसपास की मिली है. उन्होंने कहा कि परिजनों को उत्तर प्रदेश पुलिस से भी संपर्क करने की आवश्यकता है. मामले से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है.
यह भी पढ़ें: वाल्मीकिनगर गंडक बराज से दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया, निचले इलाकों में बढ़ा बाढ़ का खतरा
