चकिया के 13 वार्डों में होगा कुओं का जीर्णोद्धार, चापाकल और कुओं के पास बनेंगे सोख्ता

मोतिहारी नगर परिषद ने 13 नवगठित वार्डों के पुराने सार्वजनिक कुओं को फिर से उपयोगी बनाने का बीड़ा उठाया है. ₹17 लाख से अधिक की लागत से इन कुओं की सफाई और गाद हटाई जा रही है. साथ ही, ₹38 लाख से अधिक की लागत से चापाकलों और कुओं के पास सोख्ता निर्माण भी किया जाएगा.

Motihari News: नगर परिषद क्षेत्र के 13 नवगठित वार्डों में वर्षों से बंद पड़े सार्वजनिक कुओं को फिर से उपयोग योग्य बनाने की कवायद शुरू हो गई है. नगर परिषद निष्क्रिय कुओं का जीर्णोद्धार कर उन्हें मॉडल कुआं के रूप में विकसित कर रही है. इसके साथ ही सार्वजनिक चापाकलों और कुओं के पास सोख्ता निर्माण भी कराया जाएगा.

इस पहल का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराना और जल स्रोतों का संरक्षण करना है.

वार्डवार सर्वे के बाद शुरू हुआ काम

नगर परिषद ने पहले सभी वार्डों का सर्वे कर निष्क्रिय कुओं की सूची तैयार की. इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर जीर्णोद्धार का कार्य शुरू कराया गया.

शहर के घंघटी माई स्थान, फुलवरिया समेत सभी 13 वार्डों में पुराने कुओं की सफाई और मरम्मत का काम चल रहा है.

पहले निकाला जा रहा कचरा और गाद

नगर परिषद के सभापति पवन सर्राफ ने बताया कि सबसे पहले कुओं से कचरा निकाला जा रहा है. इसके बाद वर्षों से जमी गाद हटाकर कुओं की अंतिम सतह तक सफाई की जा रही है.

उन्होंने बताया कि 17 लाख 40 हजार 681 रुपये की लागत से कुओं के जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा रहा है.

चापाकलों और कुओं के पास बनेंगे सोख्ता

नगर परिषद ने सार्वजनिक चापाकलों और कुओं के पास सोख्ता निर्माण की भी योजना बनाई है. इसके लिए 38 लाख 17 हजार 448 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है.

सोख्ता बनने से पानी का बेहतर निकास होगा और जलभराव की समस्या कम होने के साथ भूजल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा.

120 दिनों में पूरा होगा कार्य

नगर परिषद के अनुसार सभी निर्माण कार्य 120 दिनों के भीतर पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है.

योजना पूरी होने के बाद शहर के पुराने सार्वजनिक कुएं फिर से उपयोग में आ सकेंगे और स्थानीय लोगों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Nirmal kumar

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >