Raxaul News: रक्सौल आबकारी विभाग ने भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही 195 बोतल नेपाल निर्मित कस्तूरी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई सिसवा बॉर्डर के समीप की गई, जहां बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर शराब की खेप भारत लाई जा रही थी. आबकारी टीम ने शराब जब्त कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
गुप्त सूचना पर सिसवा बॉर्डर में बिछाया गया जाल
आबकारी इंस्पेक्टर सोनू कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर लगातार बारिश का फायदा उठाकर देर रात नेपाल से शराब की खेप लेकर सिसवा बॉर्डर के रास्ते भारत में प्रवेश करेंगे. सूचना के आधार पर टीम गठित कर सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई.
खेतों के रास्ते आ रहे तीन तस्कर गिरफ्तार
देर रात तेज बारिश के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्ति खेतों की पगडंडियों के रास्ते नेपाल से भारत की सीमा में प्रवेश करते दिखाई दिए. तीनों के सिर पर बोरे रखे हुए थे. आबकारी टीम ने पीछा कर बॉर्डर से करीब 100 मीटर अंदर उन्हें घेरकर पकड़ लिया.
195 बोतल नेपाल निर्मित कस्तूरी शराब बरामद
तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के बोरों से कुल 195 बोतल नेपाल निर्मित कस्तूरी शराब बरामद हुई. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पलनवा थाना क्षेत्र के जैतापुर लौकरिया गांव निवासी सुधीश दास, अनवर दास और रंजन के रूप में हुई. सुधीश दास के पास से 75 बोतल तथा अनवर दास और रंजन के पास से 60-60 बोतल शराब बरामद की गई.
न्यायालय में पेश किए जाएंगे आरोपी
आबकारी इंस्पेक्टर सोनू कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है. इसके बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा. कार्रवाई में एएसआई इंद्रजीत सिंह, एएसआई साकेत नागवंशी सहित आबकारी विभाग के अन्य जवान शामिल रहे.
यह भी पढ़ें: वाल्मीकिनगर गंडक बराज से दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया, निचले इलाकों में बढ़ा बाढ़ का खतरा
