नेपाल बाढ़ त्रासदी: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और त्रासदी के बाद बीजधरी थाना क्षेत्र के जगिरहाँ गांव के तीन युवक लापता बताए जा रहे हैं. चार दिनों से तीनों युवकों का अपने परिजनों से कोई संपर्क नहीं हो पाया है. लगातार फोन करने के बावजूद मोबाइल बंद या संपर्क से बाहर मिल रहा है, जिससे परिवार के लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है. परिजनों ने बीजधरी थाना पुलिस को भी मामले की जानकारी देकर प्रशासन से तीनों की तलाश में पहल करने की मांग की है.
रिश्ते में तीनों हैं भाई
लापता युवक बाथना पंचायत के जगिरहाँ गांव के वार्ड संख्या-9 के रहने वाले हैं और रिश्ते में तीनों भाई बताए जाते हैं. इनमें रामबाबू साह, मुनिल कुमार साह और प्रमोद प्रसाद शामिल हैं. तीनों पिछले करीब पांच वर्षों से नेपाल में रहकर काम कर रहे थे.
परिजनों के अनुसार, तीनों युवक नेपाल के रसुवा जिले के माइलुंग स्थित एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत थे. कुछ समय पहले वे अपने घर आए थे, जिसके बाद अलग-अलग तारीखों पर वापस नेपाल चले गए.
26 अगस्त को हुई थी आखिरी बात
परिजन वीरेंद्र प्रसाद ने बताया कि रामबाबू साह 10 जुलाई, प्रमोद प्रसाद 22 जुलाई और मुनिल कुमार साह 15 अगस्त को नेपाल गए थे. उन्होंने बताया कि 26 अगस्त की सुबह रामबाबू साह से फोन पर बातचीत हुई थी. इसके बाद नेपाल में बाढ़ और त्रासदी की खबर आने के बाद से तीनों युवकों से संपर्क नहीं हो सका है.
लगातार फोन कर रहे परिजन
परिवार के लोग लगातार मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन किसी भी युवक से बात नहीं हो पा रही है. बीते चार दिनों से संपर्क टूटने के कारण परिजन काफी चिंतित हैं. तीनों की सकुशल वापसी को लेकर परिवार के सदस्य परेशान हैं और प्रशासन से जल्द आवश्यक पहल कर उनकी तलाश करने की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढे़ं:
जीविका दीदियों के लिए बड़ी खुशखबरी, मोतिहारी में खुला पहला सुधा बिक्री केंद्र
