Motihari News: शहर के व्यस्त मेन रोड स्थित एक मिठाई दुकान के बाहर बुधवार शाम करीब आठ बजे बाइक सवार उचक्कों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए.
मिठाई खरीदकर बाहर निकल रही महिला बनी शिकार
जानकारी के अनुसार महिला मिठाई खरीदकर दुकान से बाहर निकल रही थी. इसी दौरान बाइक सवार उचक्कों ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन छीन ली और तेज गति से फरार हो गए. पीड़िता नगर थाना क्षेत्र के कोल्हुअरवा मोहल्ला की रहने वाली बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: अवैध कारतूस फैक्ट्री का खुलासा करने वाली टीम को एसपी ने ₹50 हजार से किया सम्मानित
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि उचक्कों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके.
नगर थाना पुलिस ने बताया कि खबर लिखे जाने तक इस मामले में पीड़िता की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था. आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी
शहर के सबसे व्यस्त मार्ग पर हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई. लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाकर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की.
