Motihari News: मोतिहारी. घोड़ासहन थाना के तत्वावधान में मंगलवार को ज्ञान ज्योति विद्यालय में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी. विद्यार्थियों से ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस एवं परिजनों को देने की अपील की गई.
Ghorasahan News: अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुअनि अभिषेक कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि मोबाइल पर किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक को बिना जांचे क्लिक नहीं करना चाहिए. संदिग्ध लिंक के जरिए साइबर ठग लोगों के मोबाइल और निजी जानकारी तक पहुंचने का प्रयास कर सकते हैं.
OTP, ATM PIN और बैंक डिटेल साझा नहीं करें
पुलिस पदाधिकारी ने छात्रों को बताया कि कोई व्यक्ति बैंक मैनेजर, पुलिस अधिकारी या किसी सरकारी अधिकारी के नाम पर फोन कर OTP, ATM PIN, बैंक खाते की जानकारी अथवा आधार संबंधी जानकारी मांगे तो उसे किसी भी स्थिति में साझा नहीं करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि सरकारी या बैंक अधिकारी बनकर जानकारी मांगने वाले लोगों की पहचान पहले सुनिश्चित करनी चाहिए. किसी भी संदेह की स्थिति में संबंधित संस्था या पुलिस से सीधे संपर्क करना सुरक्षित तरीका है.
यह भी पढ़ें: रील बनाने के लिए जान जोखिम में डाल रहे युवा, अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी से रहें सावधान
अभिषेक कुमार ने बताया कि साइबर ठग कई बार पुलिस, सीबीआई, नारकोटिक्स या अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल अथवा फोन के माध्यम से लोगों को डराते हैं. इसके बाद घर में ही डिजिटल अरेस्ट होने की बात कहकर पैसे की मांग की जाती है.
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि ऐसी स्थिति में घबराकर किसी को पैसा नहीं भेजना चाहिए. तत्काल अपने परिजनों को जानकारी दें और पुलिस को सूचना देकर उचित सहायता लें.
थानाध्यक्ष ने भी बताए साइबर सुरक्षा के उपाय
मौके पर उपस्थित थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने भी छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के विभिन्न उपाय बताए. उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की.
उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों में से एक है. विद्यार्थी स्वयं सतर्क रहने के साथ अपने परिवार के सदस्यों को भी साइबर ठगी के नए तरीकों के बारे में जागरूक करें.
यह भी पढ़ें: रील बनाने के लिए जान जोखिम में डाल रहे युवा, अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत
