इंडिया-नेपाल बॉर्डर पर खाद तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम, 1395 किलो यूरिया बरामद

मोतिहारी के अगरवा गांव के रास्ते नेपाल जा रही 31 बोरी यूरिया खाद एसएसबी ने जब्त की. नाका चेकिंग के दौरान एक नेपाली तस्कर पकड़ा गया, जबकि कई अन्य खाद की बोरियां छोड़कर नेपाल की ओर भाग निकले.

भारत-नेपाल बॉर्डर पर खाद तस्करी: सीमा पर तैनात 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने खाद तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया. अगरवा गांव के रास्ते नेपाल भेजी जा रही 31 बोरी यूरिया खाद और तीन साइकिलें जब्त की गईं. बरामद यूरिया का कुल वजन 1395 किलोग्राम बताया गया है. कार्रवाई के दौरान एसएसबी ने एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार किया.

गुप्त सूचना पर एसएसबी ने बिछाया जाल

एसएसबी की 71वीं वाहिनी के अंतर्गत एफ समवाय अठमोहन को सूचना मिली थी कि अगरवा गांव के रास्ते भारत से नेपाल की ओर बड़े पैमाने पर यूरिया खाद ले जाने की तैयारी है. सूचना मिलने के बाद समवाय प्रभारी ने तुरंत विशेष नाका दल का गठन किया.

इसके बाद सीमावर्ती इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई. नाका दल के जवान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे थे. इसी दौरान कुछ लोगों को सिर पर और साइकिलों पर यूरिया की बोरियां लादकर सीमा पार करने की कोशिश करते देखा गया.

जवानों को देखते ही भागने लगे तस्कर

एसएसबी जवानों ने संदिग्ध लोगों को रुकने के लिए ललकारा. जवानों को देखते ही अधिकांश तस्कर खाद की बोरियां और साइकिलें मौके पर छोड़कर नेपाल की ओर भागने लगे.

इस दौरान एसएसबी की टीम ने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान विकास मुखिया (27) के रूप में हुई है. वह कामेश्वर मुखिया का पुत्र और ग्राम ननसागरा धात, थाना सिमरौनगढ़, जिला बारा, नेपाल का निवासी बताया गया है.

31 बोरी यूरिया और तीन साइकिल बरामद

गिरफ्तार आरोपी से खाद के परिवहन से संबंधित वैध बिल और दस्तावेज मांगे गए. एसएसबी के अनुसार, आरोपी कोई वैध कागजात या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका.

इसके बाद मौके की तलाशी ली गई. इस दौरान 45 किलोग्राम वजन वाली यूरिया की 31 बोरियां बरामद हुईं. इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन साइकिलें भी जब्त की गईं. बरामद खाद का कुल वजन 1395 किलोग्राम है.

ऊंचे दाम पर नेपाल में बेचने की थी तैयारी

पूछताछ के दौरान आरोपी ने एसएसबी को बताया कि खाद को ऊंचे दाम पर बेचने के उद्देश्य से अवैध रूप से नेपाल ले जाया जा रहा था. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

सीमा क्षेत्र में खाद की तस्करी रोकने के लिए एसएसबी की ओर से निगरानी और नाका चेकिंग लगातार की जा रही है. इस कार्रवाई के बाद सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने निगरानी और कड़ी कर दी है.

यह भी पढे़ं:

भैंस नहलाने का पानी बना काल, दो लोगों की मौत, पड़ोसियों में जमकर चाकूबाजी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Intejarul Haq

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >