अलग-अलग जाति होने पर परिवार ने किया विरोध, ग्राम कचहरी में हुई शादी, पंच बने गवाह

मोतिहारी के चिरैया क्षेत्र में पांच वर्षों से प्रेम संबंध में रहे युवक-युवती ने ग्राम कचहरी में पंचों की मौजूदगी में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया. परिवार के विरोध के बाद दोनों ने सामाजिक मान्यता हासिल की. पढ़ें पूरी खबर…

चिरैया (मोतिहारी) से जितेन्द्र कुमार की रिपोर्ट

Motihari News: चिरैया प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सिरौना पंचायत की ग्राम कचहरी में मंगलवार को एक प्रेमी जोड़े का विवाह पंचों की मौजूदगी में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न कराया गया. विवाह के बाद नवविवाहित जोड़े को सामाजिक मान्यता दिलाने के उद्देश्य से ग्राम कचहरी में यह आयोजन किया गया.

पांच वर्षों से था प्रेम संबंध

जानकारी देते हुए ग्राम कचहरी सिरौना के सरपंच कुमार सौरभ ने बताया कि शिवहर जिले के श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के नयागांव घुरघुर टोला निवासी मुन्नी कुमारी और उसी गांव के अभ्यास कुमार के बीच पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध था.

दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाति होने के कारण परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे.

गोरखपुर में मंदिर में की थी शादी

बताया गया कि 22 मई को दोनों घर से भागकर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया था.

हालांकि दोनों के परिजनों ने इस शादी को स्वीकार करने से इंकार कर दिया. इसके बाद लड़का और लड़की ग्राम कचहरी पहुंचे, जहां उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों की सहमति के आधार पर पंचों ने सामाजिक रूप से विवाह को मान्यता देने का निर्णय लिया.

पंचों की मौजूदगी में भरी मांग

ग्राम कचहरी के फैसले के बाद पंचों को साक्षी मानकर अभ्यास कुमार ने मुन्नी कुमारी की मांग में सिंदूर भरकर और वरमाला पहनाकर उसे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया.

इस दौरान ग्राम कचहरी परिसर में मौजूद लोगों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया.

बाहर जाकर शुरू करेंगे नई जिंदगी

अभ्यास कुमार ने बताया कि दोनों वर्ष 2021 से एक-दूसरे से प्रेम करते थे और साथ जीवन बिताने का फैसला कर चुके थे.

उन्होंने कहा कि परिवार के विरोध के कारण उन्हें घर छोड़कर विवाह करना पड़ा. उन्होंने बताया कि वह किराना दुकान चलाते हैं, जबकि मुन्नी कुमारी बीए की पढ़ाई कर रही हैं.

उन्होंने कहा कि शादी के बाद वह पत्नी को लेकर बाहर जाकर नई जिंदगी शुरू करेंगे.

मौके पर ग्राम कचहरी सिरौना के सचिव श्रीराम, न्याय मित्र कृति कुमारी, पंच हरेंद्र पासवान, उर्मिला देवी, जोखन पासवान सहित कई ग्रामीण मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >