जमीन के काम के लिए बार-बार अंचल कार्यालय का चक्कर न लगाएं लोग, बंजरिया CO ने कर्मियों को दिए ये निर्देश

आम लोगों को जमीन से जुड़े कामों के लिए अब अंचल कार्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. बंजरिया प्रशासन ने राजस्व कर्मियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया है.

Banjaria Revenue Maha Abhiyan: जमीन से जुड़े काम के लिए आम लोगों को बार-बार अंचल कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े, इसे लेकर बंजरिया प्रशासन ने राजस्व कर्मियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया है. शुक्रवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में सीओ कृष्ण प्रताप सिंह की अध्यक्षता में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक हुई.

बैठक में राजस्व महा अभियान, अभियान बसेरा-02 और राजस्व विभाग के सहयोग शिविरों समेत लंबित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई.

दाखिल-खारिज और परिमार्जन के मामलों पर फोकस

सीओ ने राजस्व कर्मचारियों और संबंधित कर्मियों को दाखिल-खारिज और परिमार्जन से जुड़े आवेदनों का तय समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

इसके साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और भूमि से संबंधित CWJC/MJC मामलों के निष्पादन में भी तेजी लाने को कहा गया. सीओ ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

क्षेत्र में जाकर समस्याएं सुनने का निर्देश

सीओ कृष्ण प्रताप सिंह ने कहा कि राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और तेजी लाना प्राथमिकता है. उन्होंने कर्मियों को क्षेत्र में जाकर आम लोगों की समस्याएं सुनने और संभव मामलों का मौके पर ही समाधान करने को कहा.

बैठक में राजस्व महा अभियान के साथ अभियान बसेरा-02 और सहयोग शिविरों के संचालन को लेकर भी चर्चा हुई.

सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पर जोर

अतिक्रमण से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया. सीओ ने कहा कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है.

उन्होंने सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को अपने काम के लिए बार-बार अंचल कार्यालय नहीं आना पड़े.

बैठक में राजस्व कर्मचारियों, अमीन और कार्यालय सहायकों के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई. इस दौरान अंचल नाजिर मुकेश बैठा, राजस्व कर्मचारी अजीत कुमार, निरंजन कुमार, मनीष कुमार, बिपिन बिहारी सिंह, आईटी सहायक सचिन कुमार, कार्यपालक सहायक देवेंद्र नाथ सिंह और अमीन समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rajnikhil banjriya

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >