Raxaul News: भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद एवं भारत के महावाणिज्य दूतावास, बीरगंज के संयुक्त तत्वावधान में रविवार की शाम वीरगंज के आदर्शनगर स्थित टाउन हॉल में विशेष लाइट म्यूजिक यानी सुगम संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया. गायक राजेश पांडेय एवं उनके सात सदस्यीय दल ने गीत, गजल, भजन और सूफी रचनाओं की मनमोहक प्रस्तुति देकर संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के महावाणिज्य दूत देवी सहाय मीणा, पर्सा के सांसद हरि पंत, मधेश प्रदेश की प्रांतीय विधानसभा सदस्या वीणा शर्मा एवं गायक राजेश पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर सशस्त्र पुलिस बल, बीरगंज के सुपरिटेंडेंट मोहन क्षेत्री भी मौजूद रहे.
गीत, गजल और सूफी रचनाओं ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान राजेश पांडेय और उनके सात सदस्यीय दल ने गीत, गजल, भजन एवं सूफी रचनाओं की प्रस्तुति दी. सुरों से सजी शाम में संगीत प्रेमियों ने प्रस्तुतियों का आनंद लिया और पूरा टाउन हॉल सांस्कृतिक रंग में सराबोर नजर आया.
संगीत और संस्कृति भारत-नेपाल को जोड़ने का माध्यम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत के महावाणिज्य दूत देवी सहाय मीणा ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल राजनयिक रिश्तों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के लोगों के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंध हैं.
उन्होंने कहा कि संगीत एवं संस्कृति लोगों को जोड़ने का सबसे सहज और प्रभावी माध्यम है. ऐसे सांस्कृतिक आयोजन दोनों देशों के कलाकारों और आम लोगों को एक-दूसरे की संस्कृति समझने तथा आपसी आत्मीयता बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं.
साझा सांस्कृतिक विरासत से मजबूत होगी मैत्री
देवी सहाय मीणा ने कहा कि भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत दोनों देशों की मैत्री को और अधिक मजबूत करती है. कार्यक्रम में भी दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों की खूबसूरत झलक देखने को मिली.
उन्होंने कहा कि कला, संगीत और संस्कृति जनस्तर पर भारत-नेपाल के संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद शाखा-रक्सौल के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ, पूनम सर्राफ, महागढ़ीमाई नगरपालिका के मेयर उपेंद्र यादव, बीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष हरि गौतम, उपाध्यक्ष माधव राजपाल, पिया सिंह, गुड्डी जोशी, प्रसिद्धि आनंद सिंह, अभिषेक चौधरी, राधेश्याम खेतान, जयप्रकाश खेतान सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: शिक्षक बनने का सुनहरा मौका, STET 2026 आवेदन शुरू, जानें योग्यता और फीस
