Motihari News: हरसिद्धि प्रखंड मुख्यालय परिसर में मंगलवार को नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) की ओर से बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से पहली बार प्रखंड स्तरीय समीक्षा एवं जनसमस्या समाधान बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता स्थानीय विधायक कृष्णनंदन पासवान ने की, जबकि संचालन अरेराज अनुमंडल के विद्युत एसडीओ उमंग अग्रवाल ने किया.
उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक कृष्णनंदन पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री के निर्देश के अनुरूप अब बिजली से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर के साथ-साथ प्रखंड स्तर पर भी नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी. हरसिद्धि में आयोजित यह पहली प्रखंड स्तरीय बैठक है, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना है.
उन्होंने बताया कि बैठक में खराब ट्रांसफॉर्मर, लो वोल्टेज, नए विद्युत कनेक्शन में विलंब, पुराने कनेक्शनों की तकनीकी समस्याएं तथा अधिक बिजली बिल आने जैसी शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई. संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया गया.
सूर्य घर योजना से मिलेगी सब्सिडी और अतिरिक्त आय का अवसर
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की भी विस्तार से जानकारी दी गई. विद्युत एसडीओ उमंग अग्रवाल ने बताया कि योजना के तहत पात्र परिवारों को घर की छत पर सोलर रूफटॉप लगाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है. लगभग 1.80 लाख रुपये की लागत वाली परियोजना पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध है. लगाए जाने वाले सोलर पैनलों की वारंटी 25 वर्षों तक होगी तथा विभाग से अधिकृत कंपनियां इसके कार्यान्वयन में भाग लेंगी.
सूर्य घर योजना अपनाने की अपील
उन्होंने बताया कि घरेलू उपयोग के बाद यदि सोलर पैनल से अतिरिक्त बिजली का उत्पादन होता है तो सरकार उसे निर्धारित दर पर खरीद लेगी. इससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी आने के साथ अतिरिक्त आय का अवसर भी मिलेगा. अधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की.
बैठक में कनीय अभियंता नीतीश कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष निकेश सिंह चौहान, मार्कण्डेय कुशवाहा, दीपक शर्मा, बीपीआरओ आदित्य अंशु, अंचलाधिकारी अरविंद चौधरी, विद्युत उपभोक्ता समिति के सदस्य, एनबीपीडीसीएल के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय उपभोक्ता उपस्थित रहे. इस दौरान लोगों ने बिजली आपूर्ति, बिलिंग और अन्य समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर विभाग की ओर से शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया.
