Motihari News: मोतिहारी. महावीरी झंडा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार संध्या में बंजरिया थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया. इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास जगाना और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखना था. पूरे इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
Banjariya News: थाना परिसर से शुरू होकर कई गांवों में घूमा फ्लैग मार्च
फ्लैग मार्च की शुरुआत बंजरिया थाना परिसर से की गई. इसके बाद पुलिस बल ने क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों का सघन दौरा किया.
यह मार्च चैलाहां चौक, पकड़िया, अजगरी चूड़ीहरवा टोला, मठवा टोला, शनिचरा स्थान चौक, अमवा, सिसवा चौक और गोखुला सहित कई संवेदनशील गांवों से होकर गुजरा. जवानों ने गश्त करते हुए पूरे इलाके की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की.
सर्किल इंस्पेक्टर के नेतृत्व में निकले अधिकारी और जवान
इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व सर्किल इंस्पेक्टर मुन्ना कुमार ने किया. सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा.
मार्च में बंजरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार, अपर थानाध्यक्ष रूपम कुमारी, दरोगा दयाराम सिंह यादव, विजय कुमार पांडेय, संतोष कुमार, वीरेंद्र कुमार पासवान सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ शामिल रहे.
आपसी भाईचारे की अपील, अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी
फ्लैग मार्च के दौरान थानाध्यक्ष अमित कुमार ने क्षेत्र के नागरिकों से आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलकर पर्व को शांतिपूर्वक और उल्लास के साथ मनाएं.
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असमाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाह फैलाने वालों से पूरी सख्ती से निपटा जाएगा.
संवेदनशील स्थलों पर पुलिस की 24 घंटे निगरानी
पर्व के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती का निर्णय लिया गया है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हर महत्वपूर्ण चौक-चौराहे और भीड़भाड़ वाले इलाके पर जवानों की पैनी नजर रहेगी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.
