Motihari News: राजकीय पॉलिटेक्निक, मोतिहारी में छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास एवं मानसिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से अवसाद, तनाव, चिंता, परीक्षा असफलता, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं नशा मुक्ति विषय पर उन्मुखीकरण एवं काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया. कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से किया गया.
मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच पर दिया गया जोर
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी प्राचार्य डॉ. सत्यदेव कुमार राम तथा ब्रह्माकुमारी संस्थान की प्रतिनिधि बीके भास्कर एवं बीके विभा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. प्रभारी प्राचार्य ने विद्यार्थियों से कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में मानसिक संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने सकारात्मक सोच अपनाने, समय प्रबंधन करने तथा असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी.
तनाव और अवसाद से बचाव के बताए उपाय
ब्रह्माकुमारी संस्थान की प्रतिनिधियों ने अपने प्रेरक व्याख्यान में अवसाद, तनाव और चिंता के कारणों, उनके दुष्प्रभावों तथा उनसे निपटने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत बनने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया.
विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनने की प्रेरणा
कार्यक्रम में परीक्षा के दबाव, असफलता से उबरने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष चर्चा की गई. वक्ताओं ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होने पर ही विद्यार्थी अपनी क्षमता का पूर्ण उपयोग कर सकते हैं.
शिक्षक एवं कर्मी रहे मौजूद
कार्यक्रम का समापन यांत्रिकी विभाग के व्याख्याता डॉ. जयंत राज के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ. इस अवसर पर राणा रंधीर प्रताप, डॉ. स्मृति रतन, डॉ. सलाउद्दीन अंसारी, गोविंद साह, नवीन कुमार, डॉ. प्रियंवदा, राजेश रंजन साह, राहुल कुमार, अशोक कुमार गौरव सहित शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें:एमजीसीयू में एबीवीपी सदस्यता अभियान का पोस्टर विमोचन, 31 अगस्त तक चलाया जाएगा अभियान
