मोतिहारी में अब यहां से नहीं जा सकेंगे वाहन, मीना बाजार में वन-वे, बलुआ ओवरब्रिज का बदला रूट, देखें रूट चार्ट

मोतिहारी में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को कम करने के लिए जिला प्रशासन ने नई यातायात व्यवस्था लागू की है. मीना बाजार और प्रधान पथ पर ऑटो-टोटो के लिए वन-वे नियम लागू किया गया है. बलुआ ओवरब्रिज और अगरवा मोड़ पर भी वाहनों के आवागमन के लिए सख्त नियम बनाए गए हैं.

Motihari New Traffic Rules: मोतिहारी शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात के दबाव और आए दिन लगने वाले भीषण जाम से आम जनता को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने नई यातायात व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू कर दी है. सदर एसडीओ अरुण कुमार एवं सदर एसडीपीओ-1 दिलीप कुमार द्वारा जारी संयुक्त आदेश के तहत शहर के मीना बाजार और प्रधान पथ पर व्यावसायिक तिपहिया वाहनों (ऑटो और टोटो) के लिए वन-वे व्यवस्था लागू कर दी गई है. इसके साथ ही बलुआ ओवरब्रिज, कचहरी चौक-चांदमारी मुख्य मार्ग और अगरवा मोड़ क्षेत्र में वाहनों के आवागमन तथा यू-टर्न के लिए सख्त नियम तय किए गए हैं. प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि तय रूट का उल्लंघन करने, आरओबी के ऊपर से जाने या अवैध पार्किंग करने पर सीधे ई-चालान काटा जाएगा.

गांधी चौक से ज्ञान बाबू चौक तक ऑटो-टोटो वन-वे, वापसी मरीन ड्राइव से

नए यातायात नियमों के तहत शहर के सर्वाधिक व्यस्ततम गांधी चौक से प्रधान पथ होते हुए ज्ञान बाबू चौक तक ऑटो रिक्शा और टोटो का परिचालन केवल एक ही दिशा (गांधी चौक से ज्ञान बाबू चौक की ओर) में हो सकेगा. ज्ञान बाबू चौक से गांधी चौक की ओर इसी मार्ग से वापस लौटने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. वापसी के लिए तिपहिया चालकों को मरीन ड्राइव मार्ग का उपयोग करना अनिवार्य होगा. हालांकि, स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों की दैनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए निजी चारपहिया और दोपहिया वाहनों को इस पाबंदी से मुक्त रखा गया है.

बलुआ ओवरब्रिज पर रूट तय: ऊपर से गए तो कटेगा चालान

कचहरी चौक से अरेराज व चांदमारी की ओर आने-जाने वाले तथा चांदमारी से राजाबाजार की ओर जाने वाले सभी वाहनों को अब बलुआ ओवरब्रिज के नीचे से गुजरने वाले निर्धारित संपर्क मार्ग का उपयोग करना होगा. इस दिशा में आरओबी के ऊपर से वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. यदि किसी चालक ने आरओबी के ऊपर से जाने की कोशिश की, तो उसका चालान कटना तय है. इसके अलावा अगरवा मोड़ से सदर अस्पताल की ओर जाने वाले वाहनों को बलुआ ओवरब्रिज के नीचे प्रशासन द्वारा चिह्नित किए गए निर्धारित स्थल से ही यू-टर्न लेना होगा.

टाउन थाना चौक के पास से ही मिलेगा यू-टर्न, ओवरटेकिंग पर रोक

प्रशासनिक गाइडलाइन के मुताबिक, बलुआ ओवरब्रिज की ओर से अगरवा, श्रीकृष्णनगर और एलएनडी कॉलेज की दिशा में आंतरिक मोहल्लों में जाने वाले वाहन चालकों को टाउन थाना चौक के समीप निर्धारित यू-टर्न स्थल का ही इस्तेमाल करना होगा. किसी भी अन्य कट या चौराहे पर यू-टर्न लेने की सख्त मनाही रहेगी. इसके अतिरिक्त संकरी और भीड़भाड़ वाली सड़कों पर किसी भी प्रकार की ओवरटेकिंग पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है.

चिन्हित पार्किंग स्थलों में ही खड़े होंगे वाहन, चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात

प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि चालक अपने वाहन केवल नगर निगम द्वारा चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें. मुख्य सड़कों, फुटपाथों या प्रमुख चौराहों पर बेतरतीब वाहन खड़ा कर आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ भारी आर्थिक दंड के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराने के लिए नगर निगम, आरसीडी और एनएचएआई के सहयोग से जगह-जगह वन-वे, नो-एंट्री, यू-टर्न और नो-पार्किंग के सांकेतिक बोर्ड लगाए जा रहे हैं. संवेदनशील चौराहों और डायवर्जन प्वाइंट्स पर पुलिस पदाधिकारी, यातायात कर्मी और दंडाधिकारी तैनात कर बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है.

ये भी पढ़ें: 10 फीट के अजगर को देखकर मची अफरा-तफरी, सूचना के घंटों बाद भी नहीं पहुंची रेस्क्यू टीम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By हिमांशु कुमार

हिमांशु पिछले 11 वर्षों से समाचार लेखन, संपादन के कार्य में सक्रिय हैं. इन्हें प्रशासनिक खबरों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों, खेल, बाजार तथा विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों पर सटीक और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करने में विशेष रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >