नेपाल हिंसा का असर बिहार तक, पूर्वी चंपारण सीमा पर बढ़ी चौकसी, एसपी ने दिए सख्त निर्देश

नेपाल में भड़की हिंसा के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और एसएसबी को संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Nepal Violence: नेपाल के सुनसरी जिले के देवगंज में हुई हिंसा के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. पूर्वी चंपारण के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को हाई अलर्ट पर रखा गया है. नेपाल से आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है, ताकि कोई भी संदिग्ध तत्व खुली सीमा का फायदा नहीं उठा सके.

सीमावर्ती इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी

नेपाल के पर्सा जिले के मुख्य जिला अधिकारी भोला दहाल ने वीरगंज के कई क्षेत्रों में शुक्रवार शाम एहतियातन कर्फ्यू लागू किया था, जिसे शनिवार सुबह छह बजे हटा लिया गया. सुनसरी की घटना के बाद वीरगंज, कलैया, पर्सा, सिमरौनगढ़, गौर और रौतहट सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में नेपाली सेना और सुरक्षा बल लगातार गश्त कर रहे हैं.

वहीं भारतीय सीमा के कुंडवा चैनपुर, घोड़ासहन, बनकटवा, आदापुर, छौड़ादानो, हरैया और भेलाही सहित अन्य इलाकों में पुलिस और एसएसबी ने चौकसी बढ़ा दी है.

भारत-नेपाल सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त बैठक

घोड़ासहन के झरौखर में भारत और नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई. बैठक में सीमा सुरक्षा, संयुक्त समन्वय और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां लगातार संपर्क में रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

एसपी ने जारी किए विशेष निर्देश

पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने सभी थानाध्यक्षों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है. उन्होंने सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा है, ताकि खुली सीमा का कोई भी व्यक्ति गलत इस्तेमाल न कर सके.

सुरक्षा एजेंसियों का पूरा फोकस

  • सीमा पर हाई अलर्ट लागू
  • पुलिस और एसएसबी की संयुक्त गश्त जारी
  • नेपाल से आने-जाने वालों की सघन जांच
  • भारत और नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय
  • संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त निगरानी

फिलहाल सीमा क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sn Satyarthi

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >