Motihari Nagar Nigam: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और जलजमाव मुक्त बनाने के लिए निगम प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है. बरसात के मौसम को देखते हुए नाला सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है. इसी बीच महापौर प्रीति कुमारी ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि जिन क्षेत्रों में अब तक नाला सफाई नहीं हुई है या सफाई से जुड़ी कोई शिकायत है, उसकी सूचना सीधे महापौर कार्यालय या नगर निगम के संबंधित पदाधिकारियों को दें.
नाला सफाई से जुड़ी शिकायत सीधे निगम को दें
महापौर प्रीति कुमारी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य सभी वार्डों में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है. यदि किसी गली या मोहल्ले में नाला सफाई नहीं हुई है तो नागरिक तत्काल इसकी जानकारी निगम प्रशासन को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
बरसात से पहले जल निकासी व्यवस्था पर विशेष फोकस
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को रोकने के लिए नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है. निगम की टीमें विभिन्न वार्डों में लगातार सफाई अभियान चला रही हैं, ताकि शहरवासियों को बरसात में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
शेष क्षेत्रों में भी जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
महापौर ने बताया कि आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होते ही जिन क्षेत्रों में विकास कार्य लंबित हैं, वहां भी निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि शहरवासियों का सहयोग स्वच्छ, सुंदर और जलजमाव मुक्त मोतिहारी के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
यह भी पढ़ें:एमजीसीयू के प्रो. अंजनी कुमार झा की नई पुस्तक प्रकाशित, जनजातीय इतिहास पर पेश किया गहन शोध
