Motihari News: सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

Motihari News:मोतिहारी के कोटवा में कदम चौक के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल दीपक मांझी की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

Motihari News:बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान 26 वर्षीय दीपक मांझी के रूप में हुई है, जो स्थानीय प्रभु मांझी का पुत्र था. इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

साइकिल से रिश्तेदारी में जा रहा था युवक, अज्ञात वाहन ने मारी थी टक्कर

घटना के संबंध में बताया गया है कि बीते 1 मई को दीपक अपनी साइकिल पर सवार होकर किसी रिश्तेदारी में जा रहा था. जैसे ही वह कोटवा थाना क्षेत्र के कदम चौक के समीप पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.

मोतिहारी से पटना किया गया था रेफर, पुलिस जांच में जुटी

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल दीपक को इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालांकि, उसकी चिंताजनक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने अगले ही दिन उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. पटना के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए आखिरकार दीपक ने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए मामले की जांच में जुट गई है.

मोतिहारी कोटवा से शिवम कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >