Motihari News: मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक छात्रा का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज परिसर में सनसनी फैल गई. शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है.
गर्ल्स हॉस्टल के कमरे में मिला शव
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज की है. बताया जा रहा है कि छात्रा हॉस्टल में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी. गुरुवार दोपहर जब छात्राओं को घटना की जानकारी मिली, तो हॉस्टल में हड़कंपमच गया.
पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
कॉलेज प्रशासन ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी.दरोगा चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंच रही है और एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है. कमरे की जांच कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
आत्महत्या के कारणों का नहीं चला पता
फिलहाल छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी. वहीं घटना के बाद कॉलेज परिसर में मातम का माहौल है.
परिजनों को दी गई सूचना
घटना की जानकारी छात्रा के परिजनों को दे दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं से भी पूछताछ की जा रही है.
मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट
