Motihari News:बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह तथा समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने संयुक्त निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की. इस दौरान स्टेशन परिसर में जारी विश्वस्तरीय विकास कार्यों का जायजा लिया गया.
स्टेशन निर्माण कार्य तेज गति से जारी
निरीक्षण के बाद आयोजित बैठक में सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं देने के लिए स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है.
दो माह में शुरू होगा एमएस कॉलेज गेट आरओबी
उन्होंने बताया कि एमएस कॉलेज गेट के पास लाइट आरओबी का निर्माण कार्य अगले दो महीने में शुरू हो जाएगा. इससे शहर में जाम की समस्या कम होगी और आवागमन सुगम बनेगा.
चकिया-पिपरा समेत कई जगहों पर बड़ी तैयारी
सांसद ने कहा कि चकिया और पिपरा में भी जल्द आरओबी निर्माण शुरू किया जाएगा. वहीं जीवधारा में वाशिंग पिट का फिजिकल कार्य जून तक पूरा कर लिया जाएगा, जबकि तकनीकी कार्य एक माह बाद समाप्त होगा. बंगरी हॉल्ट पर बन रहा लाइट आरओबी अगस्त तक पूरा होने की उम्मीद है. चांदमारी और डीएवी स्कूल के पास भी आरओबी कार्य तेजी से चल रहा है.
नए प्रतीक्षालय बनेंगे
मेहसी, चकिया और पिपरा रेलवे स्टेशनों पर पुराने भवन हटाकर नए आधुनिक प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी.
रिपोर्ट -सच्चिदानंद सत्यार्थी 