मोतिहारी से सचिदानन्द सत्यार्थी की रिपोर्ट
Motihari News: मोतिहारी जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौट रही दो सगी बहनों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और वाहन चालक को पकड़ लिया.
कोचिंग से लौटते समय हुआ हादसा
घटना शेखपुरवा गांव के पास पताही-शेखपुरवा मार्ग पर हुई. ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी हैदर अली की बेटियां सानिया (15) और नसिया (13) कोचिंग से पढ़कर घर लौट रही थीं. इसी दौरान पताही की ओर से आ रही हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी.
एक बहन की हालत गंभीर
हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों घायल बहनों को इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल ले गए. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने नसिया की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया. वहीं दूसरी बहन का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है.
गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम
घटना के बाद ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे स्कॉर्पियो चालक को पकड़ लिया और वाहन को रोककर सड़क जाम कर दिया. जाम के कारण काफी देर तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने पर पकड़ीदयाल और पताही थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, चालक को हिरासत में लिया और स्कॉर्पियो को जब्त कर थाने ले गई. इसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
